सुरसिंहधार नर्सिंग कॉलेज को मिला पी.जी. कॉलेज का दर्जा, एमएससी नर्सिंग की 15 सीटों की संस्तुति – uttarakhandawaaz.in

सुरसिंहधार नर्सिंग कॉलेज को मिला पी.जी. कॉलेज का दर्जा, एमएससी नर्सिंग की 15 सीटों की संस्तुति

देहरादून ,

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की घोषणा संख्या 311/2025 के क्रम में स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक आज स्वास्थ्य सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में टिहरी जनपद के सुरसिंहधार स्थित राजकीय नर्सिंग कॉलेज को पी.जी. कॉलेज के रूप में विकसित किए जाने संबंधी सभी बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक के दौरान स्वास्थ्य सचिव ने अधिकारियों से अब तक की प्रगति, उपलब्ध अवसंरचना, वित्तीय एवं प्रशासनिक स्वीकृतियों की स्थिति और निरीक्षण रिपोर्ट के निष्कर्षों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री घोषणाओं का समयबद्ध क्रियान्वयन विभाग की शीर्ष प्राथमिकता है। नर्सिंग शिक्षा को मजबूत बनाने तथा विशेषज्ञ नर्सिंग जनशक्ति तैयार करने के उद्देश्य से इस परियोजना को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।

पी.जी. कॉलेज के रूप में मान्यता

स्वास्थ्य सचिव ने बताया कि मुख्यमंत्री घोषणा के अनुपालन में शासन द्वारा 14 अगस्त 2025 को संबंधित प्रस्ताव के लिए वित्तीय और प्रशासनिक स्वीकृतियाँ जारी कर दी गई थीं। इसके बाद सुरसिंहधार नर्सिंग कॉलेज को आधिकारिक तौर पर पी.जी. कॉलेज का दर्जा प्रदान कर दिया गया है।

उन्होंने यह भी बताया कि 12 नवम्बर 2025 को जारी शासनादेश के अनुसार राजकीय नर्सिंग कॉलेज नई टिहरी के मूल्यांकन के लिए एक निरीक्षण समिति गठित की गई थी, जिसे परिसर का भौतिक निरीक्षण कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के लिए निर्देशित किया गया था।

निरीक्षण समिति की सकारात्मक रिपोर्ट

गठित समिति ने 14 नवम्बर 2025 को स्थलीय निरीक्षण कर अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत की, जिसमें परिसर की अवसंरचना—भवन, कक्षाएँ, प्रयोगशालाएँ, पुस्तकालय, मल्टीपरपज़ हॉल तथा एम.एससी. नर्सिंग शिक्षा हेतु आवश्यक अतिरिक्त सुविधाएँ—मानकों के अनुरूप पाई गईं। समिति ने कॉलेज को पी.जी. संचालन के लिए उपयुक्त मानते हुए सकारात्मक संस्तुति दी, जिसके बाद इसे पीजी मान्यता प्रदान की गई।

एमएससी नर्सिंग की 15 सीटें स्वीकृत

स्वास्थ्य सचिव ने बताया कि निरीक्षण समिति ने कॉलेज में एमएससी नर्सिंग कार्यक्रम प्रारंभ करने के लिए 15 नई सीटों की संस्तुति की है। उन्होंने कहा कि यह कदम टिहरी क्षेत्र में उच्च स्तरीय नर्सिंग शिक्षा को बढ़ावा देने और विशेषज्ञ स्वास्थ्य मानव संसाधन तैयार करने की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि साबित होगा।

2 thoughts on “सुरसिंहधार नर्सिंग कॉलेज को मिला पी.जी. कॉलेज का दर्जा, एमएससी नर्सिंग की 15 सीटों की संस्तुति”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *