शिकायतों के बाद बड़ा फैसला: उत्तराखंड में स्मार्ट मीटर लगाने पर यूपीसीएल ने लगाई रोक

देहरादून (महानाद) ,
उत्तराखंड पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (UPCL) ने राज्यभर में स्मार्ट मीटर लगाने की प्रक्रिया पर तत्काल प्रभाव से रोक लगाने का निर्णय लिया है। स्मार्ट मीटरों को लेकर उपभोक्ताओं और जनप्रतिनिधियों से लगातार मिल रही शिकायतों को देखते हुए यह बड़ा कदम उठाया गया है।

मुख अभियंता (सम्बद्ध) निदेशक परिचालन द्वारा जारी आदेश में बताया गया है कि 22 नवंबर 2025 को प्रबंध निदेशक (उपकाली) की अध्यक्षता में हुई समीक्षा बैठक में स्मार्ट मीटरों से जुड़ी समस्याओं पर गंभीरता से चर्चा की गई। उपभोक्ताओं द्वारा बिलिंग, तकनीकी त्रुटियों और मीटर रीडिंग में आ रही समस्याओं को संज्ञान में लेते हुए निर्देश जारी किए गए हैं कि—

✦ स्मार्ट मीटर लगाने पर रोक

जब तक स्मार्ट मीटरों से संबंधित सभी शिकायतों का पूर्ण निस्तारण नहीं हो जाता, तब तक मीटर बदलने का कार्य तत्काल रोक दिया जाए।

✦ केवल दो परिस्थितियों में जारी रहेगा स्मार्ट मीटर इंस्टॉलेशन

  • एनएससी (नई सेवा कनेक्शन)

  • आईडीएफ (मीटर खराब होने पर बदलने)

इन मामलों में ही स्मार्ट मीटर लगाए जाएंगे।

✦ उपखंड स्तर पर मेगा कैंप

शिकायतों के समाधान के लिए उपखंड स्तर पर विशेष मेगा कैंप आयोजित किए जाएंगे, जिनमें एएमआईएसपी के तकनीकी कार्मिक अनिवार्य रूप से मौजूद रहेंगे।

✦ क्षेत्रीय मुख्य अभियंताओं की जिम्मेदारी

क्षेत्रीय मुख्य अभियंता अपने-अपने क्षेत्रों की सभी शिकायतों के निस्तारण को सुनिश्चित करेंगे और मुख्यालय को रिपोर्ट भेजेंगे।
शिकायतों के समाधान के बाद ही स्मार्ट मीटर बदलने का कार्य पुनः शुरू किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *