गैरसैंण में मुख्यमंत्री धामी ने 142.25 करोड़ की योजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास, राज्य आंदोलनकारियों को किया सम्मानित – uttarakhandawaaz.in

गैरसैंण में मुख्यमंत्री धामी ने 142.25 करोड़ की योजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास, राज्य आंदोलनकारियों को किया सम्मानित

उत्तराखण्ड की रजत जयंती पर ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण में दो दिवसीय समारोह आयोजित

देहरादून,

उत्तराखण्ड की रजत जयंती वर्ष के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को राज्य की ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण (भराड़ीसैंण) में आयोजित भव्य कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। विधानसभा परिसर में आयोजित इस समारोह के दौरान मुख्यमंत्री ने राज्य आंदोलन के शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की तथा राज्य आंदोलनकारियों को शाल ओढ़ाकर सम्मानित किया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री धामी ने 142.25 करोड़ रुपये की 60 विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया, जिनमें 43.63 करोड़ की 27 योजनाओं का लोकार्पण तथा 98.62 करोड़ की 33 योजनाओं का शिलान्यास शामिल है।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए विकास प्रदर्शनी स्टॉलों का अवलोकन किया और खेल, शिक्षा, कृषि सहित विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले नागरिकों को सम्मानित किया।
आईटीबीपी, आईआरबी, नागरिक पुलिस, होमगार्ड, महिला आरक्षी एवं एनसीसी महिला दस्ते ने 46वीं वाहिनी पीएसी के बैंड की धुन पर शानदार रैतिक परेड का प्रदर्शन किया, जिसका मुख्यमंत्री ने निरीक्षण किया।

मुख्यमंत्री धामी ने राज्य स्थापना की रजत जयंती पर समस्त उत्तराखण्डवासियों को बधाई देते हुए कहा कि उत्तराखण्ड के निर्माण में शहीदों एवं आंदोलनकारियों के बलिदान को सदैव याद रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा राज्य को 8,200 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं की सौगात और नए लक्ष्यों का निर्धारण उत्तराखण्ड के उज्ज्वल भविष्य का संकेत है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार उत्तराखण्ड को विश्व की आध्यात्मिक राजधानी बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। केदारखण्ड और मानसखण्ड क्षेत्र में स्थित पौराणिक मंदिरों के पुनरुद्धार और सौंदर्यीकरण का कार्य तेजी से चल रहा है। उन्होंने भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को स्मरण करते हुए कहा कि अटल जी ने राज्य को नया स्वरूप देने के साथ औद्योगिक पैकेज प्रदान कर विकास की नींव रखी थी।

मुख्यमंत्री ने बताया कि गैरसैंण के विकास के लिए विशेष योजनाएं चलाई जा रही हैं। सारकोट गांव को गोद लेकर उसे मॉडल गांव के रूप में विकसित किया जा रहा है। राज्य में विकास दर में तेजी से वृद्धि हुई है तथा बेरोजगारी में 4.4 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है। सतत विकास सूचकांक में उत्तराखण्ड को देश में प्रथम स्थान और मोस्ट फिल्म फ्रेंडली स्टेट अवॉर्ड भी प्राप्त हुआ है।

उन्होंने कहा कि राज्य में सख्त भू-कानून और नकल विरोधी कानून लागू कर पारदर्शिता और कानून व्यवस्था को मजबूत किया गया है। मुख्यमंत्री ने “लोकल टू ग्लोबल” के मंत्र को साकार करने की दिशा में किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने गैरसैंण एवं आसपास के क्षेत्रों को स्मार्ट सिटी की तर्ज पर विकसित करने के लिए मास्टर प्लान तैयार करने की घोषणा की, साथ ही चौखुटिया, ज्योतिर्मठ और घनशाली को उड़ान योजना से जोड़ने का भी ऐलान किया।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, विधायक अनिल नौटियाल, भूपाल राम टम्टा, भरत सिंह चौधरी, प्रमोद नैनवाल, सुरेश गड़िया, प्रदीप बत्रा, जिला पंचायत अध्यक्ष दौलत सिंह बिष्ट, भाजपा जिलाध्यक्ष गजपाल बर्त्वाल, जिला प्रशासन के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

One thought on “गैरसैंण में मुख्यमंत्री धामी ने 142.25 करोड़ की योजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास, राज्य आंदोलनकारियों को किया सम्मानित”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *