कार्तिक पूर्णिमा स्नान के लिए हरिद्वार पुलिस ने कसी कमर
हरिद्वार ,
हरिद्वार में कल होने वाले कार्तिक पूर्णिमा स्नान पर्व को सकुशल संपन्न कराए जाने हेतु जिला प्रशासन और पुलिस विभाग ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। मेला क्षेत्र को 11 जोन और 36 सेक्टरों में विभाजित किया गया है, ताकि भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था प्रभावी रूप से संचालित की जा सके।
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित और एसएसपी प्रमेन्द्र सिंह डोबाल ने ऋषिकुल ऑडिटोरियम में स्नान पर्व में नियुक्त समस्त पुलिस बल को ब्रीफ किया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। ब्रीफिंग के दौरान अधिकारियों ने भीड़ प्रबंधन, सुरक्षा, यातायात व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुविधा से संबंधित सभी पहलुओं पर जोर दिया।
पुलिस और प्रशासन की मुख्य तैयारियां:
-
घाटों पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए जल पुलिस की टीमें तैनात रहेंगी।
-
पूरे मेला क्षेत्र पर सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से कड़ी निगरानी रखी जाएगी।
-
भीड़ नियंत्रण हेतु 11 जोन और 36 सेक्टरों में पुलिसकर्मी व अधिकारी तैनात रहेंगे।
-
यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए 5 स्थानों पर रिकवरी वैन खड़ी रहेंगी।
-
भीड़ बढ़ने की स्थिति में वैकल्पिक मार्गों का उपयोग कर जनसंख्या दबाव नियंत्रित किया जाएगा।
-
महिला घाटों पर महिला पुलिस कर्मियों की विशेष ड्यूटी लगाई गई है।
-
बम निरोधक दस्ते व श्वान दल लगातार संवेदनशील स्थानों पर चेकिंग करेंगे।
-
घाटों पर सो रहे श्रद्धालुओं को सुबह 2 बजे तक जगाकर घाट खाली कराया जाएगा।
-
राष्ट्रीय राजमार्ग पर भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।
अधिकारियों ने निर्देश दिए कि सभी पुलिसकर्मी अपनी ड्यूटी संयम और जिम्मेदारी के साथ निभाएं, ड्यूटी के दौरान अनावश्यक मोबाइल का प्रयोग न करें और श्रद्धालुओं के प्रति मधुर व्यवहार बनाए रखें।
स्नान पर्व के दौरान पुलिस, प्रशासन और स्थानीय खुफिया इकाइयां हरकी पैड़ी से लेकर पूरे मेला क्षेत्र तक चप्पे-चप्पे पर नजर रखेगी, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके और श्रद्धालुओं को सुगम एवं सुरक्षित वातावरण प्रदान किया जा सके।
Your article helped me a lot, is there any more related content? Thanks!