उत्तराखंड की रजत जयंती पर्व : नई ऊर्जा, नए संकल्प के साथ 3 से 9 नवंबर तक मनाया जाएगा रजत जयंती सप्ताह

देहरादून,

उत्तराखंड राज्य स्थापना के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में प्रदेशभर में 3 से 9 नवंबर 2025 तक “रजत जयंती सप्ताह” मनाया जाएगा। इस अवसर पर नारी शक्ति, सुशासन, युवा खेलकूद, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन, सांस्कृतिक विरासत और विकास यात्रा जैसे विषयों पर भव्य कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।

राज्य स्थापना की रजत जयंती तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी सविन बंसल ने जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ विशेष बैठक आयोजित की। उन्होंने निर्देश दिए कि जिला मुख्यालय से लेकर ब्लॉक और तहसील स्तर तक होने वाले कार्यक्रमों की समयबद्ध तैयारी और जन सहभागिता सुनिश्चित की जाए।

डीएम ने कहा कि रजत जयंती सप्ताह केवल उत्सव नहीं बल्कि लोक संस्कृति, विकास और समृद्धि का पर्व होगा। उन्होंने अधिकारियों को थीम-आधारित दिवसों के अनुसार कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए—

  • नारी शक्ति दिवस पर स्वयं सहायता समूहों व एनआरएलएम द्वारा निर्मित उत्पादों की प्रदर्शनी लगाई जाएगी।

  • सुशासन दिवस पर ब्लॉक स्तर पर बहुउद्देशीय शिविरों में जनता की शिकायतों का मौके पर समाधान किया जाएगा।

  • युवा दिवस पर क्रॉस कंट्री दौड़, पैराग्लाइडिंग, हॉट एयर बैलून और अन्य एडवेंचर स्पोर्ट्स आयोजित होंगे।

  • पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन दिवस पर नशामुक्ति, सड़क सुरक्षा, जल संरक्षण और हरित पहल से जुड़े जागरूकता अभियान चलेंगे।

  • सांस्कृतिक दिवस पर ऐतिहासिक धरोहर स्थलों पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों को सम्मानित किया जाएगा।

इसके अतिरिक्त, शिक्षण संस्थानों में ‘विजन-2050’ विषय पर गोष्ठियाँ, निबंध और पेंटिंग प्रतियोगिताएँ भी आयोजित की जाएंगी।
डीएम बंसल ने कहा कि इस सप्ताह के दौरान पूरे जिले में राज्य की उपलब्धियों, सांस्कृतिक पहचान और विकास यात्रा को जन-जन तक पहुँचाने का प्रयास किया जाएगा।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, अपर जिलाधिकारी के.के. मिश्रा, सिटी मजिस्ट्रेट प्रत्यूष सिंह, सीएमओ डॉ. मनोज कुमार शर्मा, जिला पर्यटन अधिकारी बृजेन्द्र पांडेय, जिला समाज कल्याण अधिकारी दीपांकर घिल्डियाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *