प्रवासी उत्तराखंडी करेंगे राज्य की दिशा और दशा पर मंथन – दूसरा प्रवासी उत्तराखंडी सम्मेलन पांच नवंबर को दून विश्वविद्यालय में

देहरादून ,

राज्य स्थापना के रजत जयंती वर्ष में प्रवासी उत्तराखंडी एक बार फिर अपने अनुभव और सुझावों से राज्य के विकास का खाका तैयार करेंगे। पांच नवंबर को दून विश्वविद्यालय में दूसरा प्रवासी उत्तराखंडी सम्मेलन आयोजित किया जा रहा है। इस एक दिवसीय आयोजन में प्रवासी उत्तराखंडी उत्तराखंड की 25 वर्षों की विकास यात्रा पर चर्चा करेंगे और राज्य के भविष्य के लिए अपने सुझाव साझा करेंगे।

2024 में शुरू हुआ सम्मेलन का सिलसिला
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर वर्ष 2024 से प्रवासी उत्तराखंडियों को मातृभूमि से जोड़ने की पहल के रूप में इस सम्मेलन की शुरुआत की गई थी। पहले सम्मेलन में 17 राज्यों के करीब 200 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया था। इस बार पंजीकरण संख्या बढ़ने की उम्मीद है। अब तक विभिन्न राज्यों से 200 प्रवासी प्रतिभागी पंजीकरण करा चुके हैं। पंजीकरण प्रक्रिया 24 अक्टूबर की रात तक जारी रहेगी।

दो सत्रों में होगी चर्चा, मुख्यमंत्री करेंगे संवाद
प्रमुख सचिव मुख्यमंत्री आर.के. सुधांशु के अनुसार सम्मेलन का उद्घाटन मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी करेंगे। पहला सत्र पर्यावरण पर केंद्रित रहेगा, जिसके नोडल अधिकारी वन विभाग के पीसीसीएफ एस.पी. सुबुद्धि होंगे। दूसरा सत्र स्वास्थ्य, शिक्षा और महिला सशक्तिकरण विषयों पर होगा, जिसकी जिम्मेदारी दून विश्वविद्यालय की कुलपति प्रोफेसर सुरेखा डंगवाल को सौंपी गई है।

मुख्यमंत्री सम्मेलन के दौरान प्रवासी उत्तराखंडियों से सीधा संवाद भी करेंगे, जो करीब एक घंटे तक चलेगा।

सांस्कृतिक कार्यक्रम के साथ होगा समापन
सम्मेलन के बाद शाम को दून विश्वविद्यालय परिसर में सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। अब तक उत्तर प्रदेश, दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, झारखंड समेत कई राज्यों के प्रवासी इस आयोजन के लिए पंजीकरण करा चुके हैं।

मुख्यमंत्री बोले – प्रवासी देंगे विकास का रोडमैप
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रवासियों को मातृभूमि से जोड़ने और राज्य के विकास में उनकी सहभागिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यह सम्मेलन आयोजित किया जा रहा है।
“पिछले आयोजन के अनुभव उत्साहित करने वाले रहे हैं। उत्तराखंड के रजत जयंती वर्ष पर प्रवासी उत्तराखंडियों को सादर आमंत्रित करता हूं। उनके सुझाव राज्य के विकास का रोडमैप तैयार करने में अहम भूमिका निभाएंगे।” – पुष्कर सिंह धामी, मुख्यमंत्री

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *