देहरादून,
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राजकीय दून मेडिकल कॉलेज में अर्पित फाउंडेशन द्वारा आयोजित “प्राइड मूवमेंट सम्मान समारोह” में आपदा राहत व बचाव कार्यों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, पुलिस एवं आईटीबीपी के कर्मियों को सम्मानित किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह सम्मान उन सभी वीर कर्मियों के प्रति कृतज्ञता का प्रतीक है, जिन्होंने आपदा के समय अपनी जान की परवाह किए बिना राहत व बचाव कार्य किए। उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड की भौगोलिक परिस्थितियों और लगातार आने वाली प्राकृतिक आपदाओं से निपटने में हमारे बलों का जज़्बा और सेवा भावना प्रेरणादायी है।
उन्होंने केदारनाथ (2013), चमोली आपदा (2021), जोशीमठ धंसाव (2023) और हाल की वर्षा, बादल फटने व भूस्खलन की घटनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि कठिन परिस्थितियों में मानव जीवन की रक्षा करना सबसे बड़ी चुनौती रही, जिसमें राहतकर्मी लगातार अग्रिम पंक्ति में डटे रहे।
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा आपदा प्रभावितों को त्वरित सहायता और 1200 करोड़ रुपये की विशेष राहत राशि प्रदान करने के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार आपदा प्रबंधन को और मजबूत बनाने हेतु एसडीआरएफ को अत्याधुनिक उपकरण, ड्रोन तकनीक, डिजास्टर-रेज़िलिएंट इंफ्रास्ट्रक्चर और आपदा मित्र योजना जैसी पहलें लागू कर रही है।
इस अवसर पर पूर्व कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल, स्वामी रूपेन्द्र प्रकाश, कृष्ण गिरी महाराज, अपर पुलिस महानिदेशक वी. मुरूगेशन एवं अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।