देहरादून,
देहरादून शहर में निर्माणाधीन स्मार्ट ऑटोमेटेड पार्किंग का कार्य पूर्ण हो गया है और कोरोनेशन तथा परेड ग्राउंड में इसका संचालन शुरू कर दिया गया है। जल्द ही यह पार्किंग मुख्यमंत्री द्वारा विधिवत रूप से जनता को समर्पित की जाएगी।
यह राज्य की महिला स्वयं सहायता समूह (SHG) द्वारा संचालित पहली पार्किंग है, जिसे जिला प्रशासन द्वारा अनुदान भी प्रदान किया गया है। शहर के तीन स्थानों पर यह पार्किंग बनाई गई है:
-
परेड ग्राउंड: 96 वाहन क्षमता
-
तिब्बती मार्केट: 132 वाहन क्षमता
-
कोरोनेशन अस्पताल: 18 वाहन क्षमता
पार्किंग में परेड ग्राउंड और कोरोनेशन अस्पताल में स्व-चालित (self-operated) प्रणाली लागू कर दी गई है। यह पहल मुख्यमंत्री के निर्देश और जिलाधिकारी सविन बंसल के सतत प्रयासों का परिणाम है।
जिलाधिकारी के अनुसार, कोरोनेशन अस्पताल परिसर में यह पार्किंग स्वास्थ्य सेवाओं के साथ आधुनिक भौतिक ढांचे का एक उदाहरण है। शहर में बढ़ते ट्रैफिक दबाव को देखते हुए ऑटोमेटेड पार्किंग सुविधा शहरवासियों और पर्यटकों के लिए राहत का काम करेगी।
इस पार्किंग की विशेषता यह है कि इसे जरूरत अनुसार एक स्थान से दूसरे स्थान पर स्थानांतरित किया जा सकता है। विशेषज्ञों का मानना है कि यदि यह पहल सफल रही, तो भविष्य में शहर के अन्य हिस्सों में भी ऐसी पार्किंग की स्थापना की जा सकती है, जिससे यातायात और पार्किंग की समस्या में कमी आएगी।