विनाश और करोड़ों के नुकसान के बाद प्रशासन की सख्ती — अतिक्रमण पर कार्रवाई, मूलभूत सेवाओं की बहाली तेज

देहरादून ,

हालिया अतिवृष्टि से देहरादून जनपद में हुए व्यापक नुकसान और रेस्क्यू अभियानों के बाद अब जिला प्रशासन मूलभूत सुविधाओं की बहाली पर युद्धस्तर पर जुट गया है। डीएम सविन बंसल ने प्रभावित क्षेत्रों में सड़क, बिजली, पानी जैसी आवश्यक सेवाओं को प्राथमिकता से बहाल करने के निर्देश दिए हैं।

बांडावाली में अवैध निर्माण पर कड़ी कार्रवाई की तैयारी

मालदेवता क्षेत्र के किसनपुर बांडावाली में नदी का रुख मोड़ कर अनधिकृत रूप से बड़े रिजॉर्ट का निर्माण किए जाने पर प्रशासन सख्त हो गया है। इस अवैध निर्माण के चलते करीब 150 मीटर सड़क मार्ग पूरी तरह वॉशआउट हो गया और 6 करोड़ रुपये से अधिक की सरकारी संपत्ति को नुकसान हुआ।

निरीक्षण के दौरान डीएम बंसल ने नदी किनारे बनाई गई अनधिकृत एप्रोच और रिजॉर्ट निर्माण की उच्च स्तरीय जांच की संस्तुति कर दी है। उन्होंने लोनिवि को यहां नदी को चैनलाइज कर जल्द सड़क निर्माण शुरू करने के निर्देश दिए।

क्षतिग्रस्त सड़कों और पुलों की बहाली

डीएम सविन बंसल और सीडीओ अभिनव शाह ने मालदेवता, द्वारा पुल, खैरी धनौला, किसनपुर बांडावाली और मसूरी रोड पर कोठालगेट के समीप क्षतिग्रस्त सड़क एवं मोटर पुलों का स्थलीय निरीक्षण किया।

  • कुमाल्डा द्वारा झूला पुल: भारी बारिश से एप्रोच धसने और खेल मैदान वॉशआउट होने के बाद लोनिवि ने एप्रोच ठीक कर यातायात बहाल कर दिया है।

  • केशरवाला (मालदेवता): वॉशआउट मोटर मार्ग पर वायरक्रेट लगाकर रास्ता चालू करने और नदी को चैनलाइज कर सड़क बहाल करने के निर्देश दिए गए हैं।

कोठालगेट पर वैली ब्रिज से राहत

देहरादून-मसूरी मोटर मार्ग पर कोठालगेट के समीप क्षतिग्रस्त पुल से मसूरी क्षेत्र का संपर्क पूरी तरह कट गया था। डीएम ने पहले दिन से ही एसडीएम व लोनिवि अधिकारियों को युद्धस्तर पर कार्य में लगाया और लगातार मॉनिटरिंग की। उनके प्रयासों से यहां अल्प समय में वैली ब्रिज तैयार कर हल्के वाहनों की आवाजाही शुरू कर दी गई है, जिससे मसूरी क्षेत्र के लोगों को बड़ी राहत मिली है।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आपदा की इस कठिन घड़ी में वह हरदम प्रभावित लोगों के साथ खड़ा है और क्यूआरटी टीमें लगातार फील्ड में तैनात रहकर राहत व पुनर्वास कार्यों में जुटी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *