मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने किया ‘स्वच्छ उत्सव-2025’ का शुभारंभ

झाड़ू लगाकर दी स्वच्छता की मिसाल, प्रदेशवासियों से मुहिम से जुड़ने की अपील

देहरादून ,

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को ‘स्वच्छ उत्सव-2025’ कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिवस की बधाई दी और उनके स्वस्थ व दीर्घायु जीवन की कामना की। साथ ही मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को भगवान विश्वकर्मा जयंती की भी शुभकामनाएं दीं।


झाड़ू लगाकर दिया स्वच्छता का संदेश

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री धामी ने झाड़ू लगाकर स्वच्छता का संदेश दिया और सभी प्रदेशवासियों से इस स्वच्छता मुहिम से जुड़ने की अपील की। उन्होंने कहा कि 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक प्रदेशभर में सेवा व स्वच्छता से जुड़े नियमित कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर श्रद्धा सुमन अर्पित, स्वच्छता की शपथ दिलाई, पौधारोपण किया, स्वच्छता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया तथा पर्यावरण मित्रों को सम्मानित भी किया।


“स्वच्छ भारत, स्वस्थ भारत” की दिशा में सार्थक कदम

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में स्वच्छता आंदोलन ने देश को नए आयाम दिए हैं।
उन्होंने कहा,

“स्वच्छ उत्सव-2025 एक संकल्प, एक आंदोलन और आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वस्थ व स्वच्छ भविष्य का वचन है।”

मुख्यमंत्री धामी ने सभी नागरिकों से ‘स्वच्छ भारत, स्वस्थ भारत’ के सपने को साकार करने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।


देहरादून को मिली राष्ट्रीय रैंकिंग में सफलता

मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि राष्ट्रीय वायु कार्यक्रम के तहत घोषित स्वच्छ वायु सर्वेक्षण में नगर निगम देहरादून को देश में 19वाँ स्थान प्राप्त हुआ है। वहीं स्वच्छता रैंकिंग में इस वर्ष 62वाँ स्थान मिला है, जो पिछले वर्षों की तुलना में बेहतर है।
उन्होंने बताया कि अब तक राज्य में 6 लाख से अधिक शौचालय-रहित परिवारों को शौचालय उपलब्ध कराए गए हैं।


सफाई व्यवस्था के लिए नियंत्रण कक्ष

मुख्यमंत्री ने बताया कि नगर निगम देहरादून ने सफाई संबंधी समस्याओं के त्वरित निवारण के लिए स्वच्छता कंट्रोल रूम की स्थापना की है।
कूड़ा उठान, सीसीटीवी निगरानी और नियमित सफाई व्यवस्था से शहर को नई दिशा दी जा रही है।


स्वच्छता को जीवनशैली का हिस्सा बनाएं

मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वच्छता केवल सरकारी अभियान नहीं, बल्कि हमारे संस्कार और जीवनशैली का हिस्सा है।
उन्होंने सभी नागरिकों से अपील की कि वे अपने घर, मोहल्ले, गाँव और शहर को साफ-सुथरा रखने को अपनी जिम्मेदारी समझें।

धामी ने पर्यावरण संरक्षण पर बल देते हुए ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान का उल्लेख किया और कहा कि पौधारोपण जीवन की गुणवत्ता सुधारने और आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ वातावरण सुनिश्चित करने का साधन है।


कार्यक्रम में गणमान्य व्यक्तियों की सहभागिता

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, गणेश जोशी, सुबोध उनियाल,
सांसद माला राज्यलक्ष्मी शाह, मेयर देहरादून सौरभ थपलियाल, विधायक सविता कपूर, सचिव नीतेश झा, नगर आयुक्त नमामि बंसल सहित अनेक जनप्रतिनिधि व अधिकारी उपस्थित रहे।

स्वच्छ उत्सव-2025 ने प्रदेश में स्वच्छता को जनआंदोलन का स्वरूप देने की दिशा में एक सशक्त कदम रखा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *