देहरादून,
सहस्रधारा क्षेत्र में मंगलवार सुबह बादल फटने से उत्पन्न आपदा के बीच जब हालात विकट हो गए, तब श्री गुरु राम राय यूनिवर्सिटी (एसजीआरआर) एवं श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल की मेडिकल टीम प्रभावितों के लिए राहत और उपचार का संबल बनकर पहुँची।
आपदा की सूचना मिलते ही एसजीआरआर यूनिवर्सिटी प्रशासन ने तत्काल आदेश जारी कर श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल की एक विशेष टीम को चिकित्सक, पैरामेडिकल स्टाफ और एम्बुलेंस सेवा के साथ सहस्रधारा क्षेत्र के लिए रवाना किया। राहत टीम ने मौके पर पहुँचकर प्रभावितों को दवाइयाँ, टीकाकरण और प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया।
🩺 राहत टीम की त्वरित सेवाएं
-
घायलों की मरहम-पट्टी व प्राथमिक उपचार
-
जरूरतमंदों को टीकाकरण व आवश्यक दवाइयों का वितरण
-
आपदा प्रभावितों का मनोबल बढ़ाने और मानसिक सहयोग प्रदान करने की पहल
श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल प्रशासन ने बताया कि सहस्रधारा के कुछ हिस्सों में बादल फटने के कारण विषम परिस्थितियाँ बन गई थीं। ऐसे समय में तुरंत चिकित्सा सहायता पहुँचना बेहद आवश्यक था। टीम की तत्परता से स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली और इस मानवीय पहल की सराहना की।
📞 विधायक और श्रीमहंत ने जताया आभार
इस संबंध में रायपुर विधायक उमेश शर्मा ‘काऊ’ और श्रीमहंत देवेंद्र दास जी महाराज के बीच फोन पर बातचीत हुई। विधायक उमेश शर्मा काऊ ने कहा कि वे आपदा क्षेत्र में प्रभावितों से लगातार संपर्क बनाए हुए हैं।
उन्होंने श्री गुरु राम राय यूनिवर्सिटी व श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल की टीम का हौसला बढ़ाया और कहा कि उत्तराखण्ड में जब भी आपदा आती है, एसजीआरआर यूनिवर्सिटी और श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल की टीमें राहत और बचाव कार्यों में सबसे आगे रहती हैं।
विधायक ने यूनिवर्सिटी के माननीय प्रेसिडेंट श्रीमहंत देवेंद्र दास जी महाराज का विशेष आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आपदा प्रभावितों की सेवा और सहायता में संस्था द्वारा किए जा रहे कार्य सराहनीय और अनुकरणीय हैं।