अपराध एवं कानून व्यवस्था को लेकर उत्तराखण्ड पुलिस की उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक

देहरादून, 
पुलिस महानिदेशक उत्तराखण्ड द्वारा 30 अगस्त 2025 को आयोजित अपराध एवं कानून व्यवस्था संबंधी समीक्षा गोष्ठी में दिए गए निर्देशों के अनुपालन की स्थिति की समीक्षा हेतु आज अपर पुलिस महानिदेशक (अपराध एवं कानून व्यवस्था) डॉ. वी. मुरुगेशन की अध्यक्षता में एक उच्च स्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में गढ़वाल व कुमाऊँ रेंज सहित एसटीएफ, सभी जिलों के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक/पुलिस अधीक्षक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े।

बैठक में पुलिस की कार्यप्रणाली में आधुनिक तकनीक के प्रभावी उपयोग, साइबर अपराध सहित अन्य आपराधिक गतिविधियों पर त्वरित नियंत्रण और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने पर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान एसटीएफ, जनपदीय एसओजी, डीसीआरबी, सीसीटीएनएस, एएचटीयू, सीनियर सिटिजन पोर्टल प्रभारी समेत सभी अपर पुलिस अधीक्षक एवं क्षेत्राधिकारी उपस्थित रहे।


🔹 बैठक में दिए गए प्रमुख निर्देश

  • महिला अज्ञात शवों की शिनाख्त हेतु चल रहे अभियान की समीक्षा कर शेष शवों की शीघ्र पहचान सुनिश्चित की जाए।

  • महिला एवं बच्चों की गुमशुदगी मामलों में पुलिस मुख्यालय की एसओपी का पालन करते हुए एण्टी ह्यूमन ट्रैफिकिंग एंगल से गहन जांच की जाए।

  • वरिष्ठ नागरिकों तथा एकांकी जीवन व्यतीत कर रहे लोगों से लगातार संपर्क में रहें तथा उनके साथ होने वाले अपराधों पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

  • महिला सुरक्षा से जुड़ी गतिविधियों व जन-जागरूकता अभियानों को और प्रभावी बनाया जाए।

  • साइबर धोखाधड़ी/अपराध से संबंधित हर शिकायत पर अनिवार्य रूप से एफआईआर दर्ज की जाए व व्यापक जागरूकता अभियान चलाए जाएं।

  • नये आपराधिक कानूनों के तहत ई-एफआईआर, जीरो-एफआईआर जैसी जनसुविधाओं पर नियमानुसार कार्रवाई की जाए।

  • विभिन्न केन्द्रीय पोर्टल्स की सहायता से अपराधों का अनावरण किया जाए तथा फिंगरप्रिंट व वैज्ञानिक साक्ष्यों का प्रयोग बढ़ाया जाए।

  • 7 वर्ष या उससे अधिक सजा वाले गंभीर अपराधों में FSL/फील्ड यूनिट को घटनास्थल भेजकर साक्ष्य संकलन और ई-साक्ष्य ऐप के तहत पारदर्शी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

  • अभ्यस्त अपराधियों की अवैध सम्पत्ति जब्ती की कार्रवाई की जाए।

  • आपराधिक घटनाओं के शीघ्र अनावरण व चोरी/लूटी गयी सम्पत्ति की 100% बरामदगी सुनिश्चित की जाए।


बैठक में पुलिस महानिरीक्षक अभिसूचना श्री करन सिंह नगन्याल, पुलिस महानिरीक्षक सीसीटीएनएस श्री सुनील कुमार मीणा, पुलिस महानिरीक्षक कार्मिक श्री योगेन्द्र सिंह रावत, पुलिस उपमहानिरीक्षक (अपराध एवं कानून व्यवस्था) श्री धीरेन्द्र सिंह गुन्ज्याल सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।

📝 मीडिया सेल, पुलिस मुख्यालय उत्तराखंड

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *