मुख्यमंत्री धामी के निर्देश पर 17 सितम्बर से 2 अक्टूबर तक उत्तराखंड में लगेगा स्वास्थ्य का महाकुंभ प्रदेशभर में 4604 स्वास्थ्य शिविर, स्वास्थ्य सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार ने संभाली कमान

देहरादून ,

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत के निर्देश पर उत्तराखंड में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस 17 सितम्बर से लेकर महात्मा गांधी जयंती 2 अक्टूबर तक “स्वास्थ्य पखवाड़ा” का आयोजन होगा। इसे प्रदेश का स्वास्थ्य का महाकुंभ कहा जा रहा है।

स्वास्थ्य सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार ने राज्य सचिवालय में समीक्षा बैठक कर तैयारियों की कमान संभाली। उन्होंने कहा कि पखवाड़े का उद्देश्य है – गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना और जनता में स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाना।

प्रदेशभर में 4604 स्वास्थ्य शिविर
बैठक में बताया गया कि पूरे उत्तराखंड में 4604 नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित होंगे। इनमें—

  • पिथौरागढ़ – 679

  • पौड़ी – 573

  • टिहरी – 533

  • अल्मोड़ा – 522

  • देहरादून – 425

  • हरिद्वार – 367

  • नैनीताल – 367

  • रुद्रप्रयाग – 239

  • उत्तरकाशी – 208

  • चमोली – 206

  • ऊधमसिंह नगर – 256

  • चम्पावत – 120

  • बागेश्वर – 109

इन शिविरों में नि:शुल्क जांच, परामर्श और दवाएं दी जाएंगी। गर्भवती महिलाओं, टीबी मरीजों और गंभीर रोगियों को विशेष परामर्श उपलब्ध होगा।

बैठक में लिए गए प्रमुख निर्णय:

  • सभी शिविरों में वृहद रक्तदान कैंप लगेंगे और उनकी रिपोर्ट शासन को भेजी जाएगी।

  • मेडिकल कॉलेजों में विशेष रक्तदान शिविर, छात्रों और चिकित्सकों की सक्रिय भागीदारी।

  • जिला अस्पतालों और प्रमुख संस्थानों में हेल्थ डेस्क की स्थापना।

  • स्वास्थ्य विभाग जल्द ही मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) जारी करेगा।

  • सीएचसी स्तर तक विशेषज्ञ शिविर – हृदय रोग, मधुमेह, स्त्री रोग, बाल रोग आदि के लिए।

  • अन्य विभागों और निजी मेडिकल/नर्सिंग कॉलेजों का सहयोग सुनिश्चित।

  • निक्षय मित्र पहल के तहत जनप्रतिनिधियों को शिविरों से जोड़ा जाएगा।

स्वास्थ्य सचिव ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार हो और हर वर्ग की भागीदारी सुनिश्चित की जाए।

अंत में उन्होंने कहा, “स्वास्थ्य पखवाड़ा केवल स्वास्थ्य सेवाएं देने का अवसर नहीं, बल्कि एक जनजागरण अभियान भी होगा, जो उत्तराखंड को स्वस्थ समाज की दिशा में आगे बढ़ाएगा।”

बैठक में मिशन निदेशक एनएचएम मनुज गोयल, उपसचिव जसबिन्दर कौर, डॉ. जेएस चुफाल, डॉ. अमित शुक्ला, डॉ. कुलदीप मार्तोलिया और डॉ. सौरभ सिंह मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *