देहरादून ,
त्रि-स्तरीय पंचायत चुनावों के अंतिम चरण में नैनीताल जिला पंचायत अध्यक्ष चुनाव के दौरान सामने आए अपराधियों द्वारा पांच जिला पंचायत सदस्यों के कथित अपहरण कांड पर राजनीति गर्मा गई है।
उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष (संगठन) सूर्यकांत धस्माना ने सोमवार को कांग्रेस मुख्यालय में पत्रकारों से बातचीत में कहा कि इस प्रकरण ने प्रदेश की कानून-व्यवस्था की पोल खोल दी है। धस्माना ने कहा कि “नैनीताल उच्च न्यायालय की आज की टिप्पणियों के बाद प्रदेश सरकार को एक मिनट भी सत्ता में बने रहने का अधिकार नहीं है।”
धस्माना ने कहा कि जिस जिले में उच्च न्यायालय और मंडल मुख्यालय स्थित है, वहीं पुलिस की मौजूदगी में हथियारबंद अपराधी अपहरण की घटना को अंजाम दें, इससे बड़ा कानून व्यवस्था का ध्वस्त होना और कुछ नहीं हो सकता।
उन्होंने आरोप लगाया कि इस पूरे मामले में भाजपा नेताओं और आपराधिक तत्वों की मिलीभगत है और पुलिस अपराधियों को बचाने का काम कर रही है। साथ ही धस्माना ने कहा कि “पुलिस अधीक्षक नैनीताल के खिलाफ उच्च न्यायालय की टिप्पणियां बिल्कुल सही हैं। सरकार को उन्हें तुरंत हटाकर होमगार्ड विभाग में भेज देना चाहिए।”
कांग्रेस नेता ने दावा किया कि भाजपा इस पूरे प्रकरण की “मास्टरमाइंड” है, इसलिए अब तक किसी अपराधी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी। उन्होंने कहा कि कल से शुरू हो रहे विधानसभा सत्र में कांग्रेस इस मुद्दे को जोर-शोर से उठाएगी और सड़कों पर भी आंदोलन जारी रहेगा।