मैडिट्रिना हॉस्पिटल का आकस्मिक निरीक्षण, डॉक्टर ने दिया त्याग पत्र

कोरोनेशन अस्पताल में व्यवस्थाएं परखी, स्टाफ को मिला सख्त संदेश

देहरादून ,

महानिदेशक चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण उत्तराखंड डा. सुनीता टम्टा ने सोमवार को जिला चिकित्सालय कोरोनेशन का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान मैडिट्रिना हॉस्पिटल प्रा. लि. कार्डियक केयर यूनिट में कई खामियां सामने आईं।

निरीक्षण में प्रतीक्षालय का फर्नीचर जीर्ण-शीर्ण पाया गया, जिस पर तत्काल मरम्मत के निर्देश दिए गए। कार्डियक रोगियों की संख्या कम मिलने और ओपीडी/ऑपरेशन केस घटने पर महानिदेशक ने नाराज़गी जताई। साथ ही मानव संसाधन की कमी दूर करने और नियमित एनेस्थेटिस्ट व कार्डियोलॉजिस्ट की तैनाती के निर्देश दिए गए।

गंभीर पहलू यह रहा कि यूनिट में कार्यरत कार्डियक थोरेसिक सर्जन ने दो दिन पहले ही इस्तीफा दे दिया था। इस पर महानिदेशक ने नए चिकित्सक तत्काल तैनात करने को कहा। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में शिविर लगाकर जागरूकता बढ़ाने के निर्देश भी दिए।

इसके बाद उन्होंने जिला चिकित्सालय में निर्माणाधीन रक्त कोष भवन का निरीक्षण कर जल्द कार्य पूर्ण करने को कहा। रोगी व तीमारदारों के लिए थ्री-सीटर बैठने की व्यवस्था बढ़ाने और अस्पताल स्टाफ को मरीजों के साथ सौहार्दपूर्ण व्यवहार करने की नसीहत दी।

निरीक्षण में आपातकालीन कक्ष, सफाई व्यवस्था, बायोमेडिकल वेस्ट प्रबंधन व ओपीडी-आईपीडी सुविधाएं संतोषजनक पाई गईं। महानिदेशक ने प्रमुख अधीक्षक डा. मनु जैन और उनकी टीम की व्यवस्थाओं की सराहना की, साथ ही निर्देश दिया कि कार्डियक मरीजों को बिना देरी मैडिट्रिना हॉस्पिटल में रेफर किया जाए।

निरीक्षण के दौरान जिला चिकित्सालय के प्रशासनिक व नर्सिंग अधिकारी भी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *