मुख्यमंत्री ने 79वें स्वतंत्रता दिवस पर की 6 बड़ी घोषणाएं, वीर बलिदानियों को नमन

देहरादून ,

79वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर परेड ग्राउंड, देहरादून में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ध्वजारोहण किया। इस अवसर पर स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों को सम्मानित किया गया तथा फोटो प्रदर्शनी का अवलोकन किया गया।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने अपर पुलिस महानिदेशक अजय प्रकाश अंशुमान को राष्ट्रपति विशिष्ट सेवा पदक तथा कई पुलिस व अग्निशमन कर्मियों को मुख्यमंत्री सराहनीय सेवा पदक से सम्मानित किया। विभिन्न खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को भी सम्मानित किया गया।

मुख्यमंत्री धामी ने प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए 6 घोषणाएं की—

  1. मिड-डे मील योजना के तहत गैस सिलेंडर व चूल्हा न होने वाले स्कूलों में 2 गैस सिलेंडर और 1 चूल्हा उपलब्ध कराया जाएगा।

  2. पेयजल संकट वाले विधानसभा क्षेत्रों में 10-10 हैंडपंप लगाए जाएंगे।

  3. ग्राम चौकीदार व ग्राम प्रहरी के मानदेय में ₹1000 की वृद्धि।

  4. सैनिक कल्याण विभाग के ब्लॉक प्रतिनिधियों के मानदेय में ₹2000 की वृद्धि।

  5. जनपद स्तर पर विशेष शैक्षणिक केंद्र स्थापित होंगे, संचालन उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय करेगा।

  6. गंगोत्री व अन्य हिमालयी ग्लेशियरों का नियमित अध्ययन और आपदा प्रबंधन विभाग को सुदृढ़ किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड देवभूमि के साथ वीरभूमि भी है और सरकार विकसित, समृद्ध व आत्मनिर्भर राज्य के निर्माण हेतु शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली, पेयजल, पर्यटन और औद्योगिक क्षेत्रों में तेज़ी से कार्य कर रही है। उन्होंने निवेश, कृषि, खेल और पर्यटन में हालिया उपलब्धियां भी साझा कीं तथा समान नागरिक संहिता, नकल विरोधी कानून और धर्मांतरण विरोधी कानून को राज्य के लिए ऐतिहासिक कदम बताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *