गणेशपुर पुल पर शहीद प्रतिमा स्थल पर हुआ आयोजन, पुलिस व आमजन ने दी पुष्पांजलि
हरिद्वार ,
शहीद सुनीत नेगी की पुण्यतिथि पर निर्बल निर्धन विधि प्रकोष्ठ के तत्वावधान में गणेशपुर पुल के समीप स्थित शहीद प्रतिमा स्थल पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित हुआ। इस मौके पर पुलिस अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों और स्थानीय नागरिकों ने शहीद सुनीत नेगी और शहीद इंस्पेक्टर मंगू सिंह वर्मा की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर उनके सर्वोच्च बलिदान को नमन किया।
कार्यक्रम में एसएसपी प्रमेन्द्र सिंह डोभाल ने दोनों शहीदों के अदम्य साहस को सलाम करते हुए कहा कि उनका बलिदान हमेशा उत्तराखंड पुलिस के लिए प्रेरणा स्रोत रहेगा।
-
शहीद सुनीत नेगी: वर्ष 2013 में डकैतों से लोहा लेते हुए शहीद हुए।
-
शहीद इंस्पेक्टर मंगू सिंह वर्मा: वर्ष 2000 में थाना गंगनहर में तैनाती के दौरान बदमाशों से मुठभेड़ में शहीद।
इस वर्ष पहली बार शहीद मंगू सिंह वर्मा की प्रतिमा भी शहीद सुनीत नेगी की प्रतिमा के साथ उसी स्थल पर स्थापित की गई, जहां दोनों को एक साथ श्रद्धासुमन अर्पित किए गए।
कार्यक्रम में एसपी अपराध जितेन्द्र मेहरा, एएसपी संचार विपिन कुमार, एसपी ग्रामीण शेखर चन्द्र सुयाल, एएसपी/सीओ सदर जितेंद्र चौधरी, सीओ रूड़की नरेन्द्र पन्त, सीओ मंगलौर विवेक कुमार, प्रभारी निरीक्षक गंगनहर आर.के. सकलानी समेत अनेक पुलिस अधिकारी-कर्मचारी और दोनों शहीदों के परिजन मौजूद रहे।