देहरादून,
टिहरी जनपद के पांच राजकीय इंटर कॉलेजों में कलस्टर विद्यालय योजना के तहत भवन और अवस्थापना कार्य शीघ्र शुरू होंगे। विद्यालयी शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कार्यदायी संस्था द्वारा तैयार 10 करोड़ 65 लाख रुपये के आंगणन को मंजूरी दे दी है।
निर्माण कार्य सिंचाई विभाग, परियोजना खंड ऋषिकेश द्वारा कराए जाएंगे। इसमें राजकीय इंटर कॉलेज नागदेव पथल्ड को 1.94 करोड़, बंगियाल को 2.26 करोड़, काण्डीखाल को 2.26 करोड़, चाका (क्वीली) को 1.90 करोड़ और केशरधार नैचोली को 2.55 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं।
योजना के तहत विद्यालयों में कक्षा-कक्ष, कंप्यूटर लैब, प्रयोगशालाएं, पुस्तकालय, प्रधानाचार्य कक्ष, स्टाफ कक्ष, शौचालय सहित पुराने भवनों की मरम्मत और अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। मंत्री रावत ने कहा कि यह कदम छात्रों को एक ही कैंपस में कक्षा 6 से 12 तक की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने में सहायक होगा।