विश्व अंगदान दिवस पर किडनी दानदाताओं का सम्मान श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल में अब तक 30 सफल किडनी प्रत्यारोपण

देहरादून ,

विश्व अंगदान दिवस के अवसर पर श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल ने बुधवार को विशेष कार्यक्रम आयोजित कर किडनी दानदाताओं को सम्मानित किया। इस दौरान दानदाताओं को सम्मान-पत्र और पुरस्कार प्रदान कर उनके अमूल्य योगदान को नमन किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ श्री गुरु राम राय इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल एंड हेल्थ साइंसेज के प्राचार्य डॉ. अशोक नायक, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अनिल मलिक और चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अजय पंडिता ने दीप प्रज्वलन कर किया। नेफ्रोलॉजी विभागाध्यक्ष डॉ. आलोक कुमार ने कहा कि अंगदान किसी को दिया जाने वाला जीवन का सबसे बड़ा तोहफा है। एक मृत व्यक्ति अपने अंगों से आठ लोगों को नया जीवन दे सकता है।

उन्होंने पिछले वर्ष के एक प्रेरक उदाहरण का उल्लेख किया, जिसमें 19 वर्षीय युवक के निधन के बाद उसके परिवार ने दोनों किडनी, लिवर और आंखें दान कर चार गंभीर मरीजों को नया जीवन और दो को दृष्टि लौटाई।

डॉ. आलोक ने बताया कि अस्पताल में अब तक 30 सफल किडनी प्रत्यारोपण किए जा चुके हैं। इस कार्य में डॉ. विवेक रुहेला, डॉ. गौरव शर्मा, डॉ. कमल शर्मा, डॉ. विवेक विज्जन और डॉ. विमल कुमार दीक्षित की टीम महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।

अंगदान जागरूकता पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि परिवार का सहयोग इसमें सबसे अहम है। कार्यक्रम में डॉ. डोरछम ख्रेमे और किडनी ट्रांसप्लांट कोऑर्डिनेटर सुषमा कोठियाल भी उपस्थित रहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *