डीएम सविन बंसल की पहल पर मात्र 3 माह में कुठाल गेट, साई मंदिर और दिलाराम चौक का चौड़ीकरण व सौंदर्यीकरण लगभग पूरा
देहरादून,
मुख्यमंत्री की प्रेरणा और जिलाधिकारी सविन बंसल की पहल पर राजधानी देहरादून के प्रमुख चौराहों को नया रूप देने का काम तेज़ी से आगे बढ़ रहा है। कुठाल गेट, साई मंदिर तिराहा और दिलाराम चौक पर चौड़ीकरण, राउंडअबाउट निर्माण, दो अतिरिक्त मोटरेबल स्लिप रोड और पहाड़ी शैली में सौंदर्यीकरण के कार्य लगभग पूर्ण हो चुके हैं।
इस परियोजना का उद्देश्य यातायात सुगमता, जनसुरक्षा और पारंपरिक लोक संस्कृति का प्रदर्शन — तीनों को एक साथ साधना है। चौराहों पर गढ़वाल और कुमाऊं की संस्कृति दर्शाने वाले डिजाइन, राज्य आंदोलनकारियों और महान विभूतियों की मूर्तियां तथा कलाकृतियां लगाई जा रही हैं।
डीएम बंसल ने बताया कि स्मार्ट सिटी बजट से 10 करोड़ रुपये की धनराशि से निर्माण के साथ-साथ अगले 3 वर्षों के रखरखाव की व्यवस्था भी शामिल की गई है। इसके अलावा, 11 प्रमुख जंक्शनों पर नई ट्रैफिक लाइटें लगाई गई हैं और पांच वर्षों में पहली बार प्रमुख चौराहों के पुलिस सीसीटीवी कैमरों को इंटीग्रेट किया गया है, जिससे सुरक्षित यातायात की निगरानी बेहतर होगी।
निरीक्षण के दौरान एसएसपी अजय सिंह, सीडीओ अभिनव शाह और स्मार्ट सिटी लिमिटेड के अधिकारी मौजूद रहे।