मुख्यमंत्री राहत कोष में जमा की जाएगी धनराशि
देहरादून,
उत्तराखण्ड में हाल ही में आई भीषण प्राकृतिक आपदा के मद्देनजर उत्तराखण्ड आईएएस एसोसिएशन ने एक सराहनीय पहल करते हुए एक दिन का वेतन मुख्यमंत्री राहत कोष में दान करने का निर्णय लिया है। यह निर्णय एसोसिएशन की एक महत्वपूर्ण बैठक में लिया गया, जिसकी अध्यक्षता एसोसिएशन के अध्यक्ष एल.ए. फैनई ने की।
सचिव दिलीप जावलकर ने बताया कि 5 जुलाई को उत्तरकाशी जनपद के धराली क्षेत्र में आई आपदा की गंभीरता को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया गया है। एसोसिएशन ने इसे मानवीय संवेदनशीलता और सामाजिक उत्तरदायित्व का प्रतीक बताया है।
यह योगदान आपदा पीड़ितों के प्रति न केवल सहानुभूति दर्शाता है, बल्कि राहत एवं बचाव कार्यों में लगे अधिकारियों, सुरक्षा बलों, चिकित्सा दलों, आपदा प्रबंधन कर्मियों और स्वयंसेवकों के प्रति एकजुटता भी प्रकट करता है। इसका उद्देश्य राज्य सरकार द्वारा संचालित बहु-एजेंसी आपदा प्रबंधन तंत्र को सुदृढ़ बनाना और प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं पुनर्वास कार्यों को गति देना है।
जावलकर ने बताया कि इस संकट की घड़ी में एसोसिएशन के सभी सदस्यों से अपेक्षा की गई है कि वे संवेदना और उत्तरदायित्व के साथ पूर्ण सहयोग दें। उन्होंने कहा कि ऐसी आपदाओं में प्रशासन, कर्मचारी और आम नागरिकों की सामूहिक भागीदारी बेहद महत्वपूर्ण होती है।
यह पहल जनहित को सर्वोपरि रखने वाली प्रशासनिक सेवा की भावना को और मजबूत करती है।