भाजपा ने ‘मन की बात’ में कीर्तिनगर के उल्लेख को बताया प्रेरणादायक, प्रदेशभर में जनसहभागिता से सुना गया पीएम का संदेश

देहरादून, 27 जुलाई।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा रविवार को प्रसारित ‘मन की बात’ कार्यक्रम के 124वें एपिसोड को उत्तराखंड में भारतीय जनता पार्टी ने प्रदेशभर में मण्डल स्तर पर जनसहभागिता के साथ सुना। इस दौरान कीर्तिनगर क्षेत्र का उल्लेख किए जाने को भाजपा नेताओं ने राज्य के लिए सम्मानजनक और उत्साहवर्धक बताया।

प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान ने जानकारी दी कि प्रधानमंत्री मोदी के स्वच्छता अभियान में कीर्तिनगर क्षेत्र की पहल को सराहना मिलना प्रदेशवासियों के लिए गर्व का विषय है। चौहान ने बताया कि कार्यक्रम को प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने अपने पैतृक गांव ब्राह्मणथाला (जिला चमोली) में ग्रामीणों के साथ सुना।

इस मौके पर महेंद्र भट्ट ने कहा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ‘मन की बात’ देश के जन-जन की बात होती है। इसमें साझा किए गए अनुभव व संस्मरण आमजन को हमेशा प्रेरणा देते हैं। आज का प्रसंग विशेष रूप से इसलिए महत्वपूर्ण है क्योंकि इसमें कीर्तिनगर क्षेत्र की ऑर्गेनिक वेस्ट मैनेजमेंट की पहल का उल्लेख हुआ है। यह राज्य के लिए गर्व और स्वच्छता अभियान में जुटे लोगों के लिए उत्साहवर्धन है।”

भट्ट ने यह भी कहा कि स्वच्छ भारत मिशन की सफलता में उत्तराखंड की भूमिका उल्लेखनीय रही है। हालिया राष्ट्रीय स्वच्छता सर्वेक्षण में देहरादून सहित कई शहरों में सुधार देखने को मिला है, जो राज्य की सतत भागीदारी का परिणाम है।

इधर, भाजपा प्रदेश महामंत्री संगठन अजेय कुमार ने डालनवाला मंडल के बूथ संख्या 95 पर कार्यक्रम को सुना। उनके साथ विधायक खजान दास समेत अन्य पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे। इस मौके पर ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *