जनता की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता: मुख्यमंत्री
देहरादून।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को देहरादून के रायपुर क्षेत्र के अंतर्गत अतिवृष्टि से प्रभावित इलाकों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने किरसाली चौक, आईटी पार्क, ननूरखेड़ा, आमवाला, तपोवन और शांति विहार क्षेत्रों का भ्रमण कर स्थानीय लोगों से मुलाकात की और उनकी समस्याएं सुनीं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि,
“जनता की सुरक्षा राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। प्रभावित नागरिकों को हरसंभव सहायता प्रदान की जाएगी।”
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन को निर्देश दिए कि प्रभावित लोगों को तत्काल राहत पहुंचाई जाए और किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने नालियों की नियमित सफाई, जलभराव वाले क्षेत्रों में ड्रेनेज की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही संवेदनशील क्षेत्रों में चेतावनी बोर्ड लगाए जाने पर भी जोर दिया।
मुख्यमंत्री धामी ने स्थानीय पुलिस बलों और सभी संबंधित विभागों को अलर्ट मोड में रहने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी आकस्मिक स्थिति में त्वरित कार्यवाही हो और रिस्पॉन्स टाइम को न्यूनतम रखते हुए लोगों की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।
मुख्यमंत्री के साथ निरीक्षण में उपस्थित प्रमुख लोग:
-
राज्यसभा सांसद नरेश बंसल
-
आपदा प्रबंधन सलाहकार समिति के उपाध्यक्ष विनय रुहेला
-
विधायक उमेश शर्मा ‘काऊ’
-
जिला प्रशासन के अधिकारीगण
मुख्यमंत्री धामी ने अधिकारियों से यह भी कहा कि मानसून सीजन के दौरान सतर्कता और समन्वय की विशेष आवश्यकता है, जिससे आपदाओं के प्रभाव को कम किया जा सके और प्रभावित जनता को समय पर राहत मिल सके।
