देहरादून,
राजधानी देहरादून में चकराता रोड स्थित एक स्पा सेंटर की आड़ में चल रहे अनैतिक देह व्यापार के गोरखधंधे का भंडाफोड़ दून पुलिस ने किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) को मिली गोपनीय सूचना के आधार पर एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (AHTU) और कोतवाली कैंट की संयुक्त टीम ने Nature True Spa & Saloon में औचक छापेमारी कर यह कार्रवाई की।
छापेमारी के दौरान पुलिस टीम को स्पा सेंटर के विभिन्न कमरों में दो पुरुष और दो महिलाएं आपत्तिजनक स्थिति में मिले। मौके से पुलिस ने स्पा संचालक सहित चार अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, स्पा में कार्यरत 08 पीड़ित युवतियों को रेस्क्यू कर उनके परिजनों के सुपुर्द किया गया।
जस्ट डायल के जरिए ग्राहक, ‘स्पेशल सर्विस’ के नाम पर वसूली
गिरफ्तार स्पा मालिक अनुज सिंह ने पुलिस पूछताछ में खुलासा किया कि वह स्पा की आड़ में काफी समय से यह अनैतिक धंधा चला रहा था। ग्राहकों से संपर्क हेतु वह Just Dial और फोन कॉल्स का सहारा लेता था। “स्पेशल सर्विस” के नाम पर अतिरिक्त पैसे वसूल कर पीड़ित युवतियों से देह व्यापार करवाया जाता था।
मौके से बरामद हुई आपत्तिजनक सामग्री
पुलिस टीम को स्पा सेंटर से कई आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद हुई है, जो इस धंधे में लिप्त होने की पुष्टि करती है।
गिरफ्तार अभियुक्तों के नाम-पते:
-
अनुज सिंह, पुत्र मामराज सिंह, निवासी: भांकला, थाना रामपुर मनिहारन, सहारनपुर, यूपी (वर्तमान: अलकनंदा एनक्लेव, GMS रोड, देहरादून) – स्पा मालिक
-
सागर चौधरी, पुत्र मांगे राम, निवासी: ग्राम छिदबना, थाना रामपुर, सहारनपुर, यूपी – संचालक
-
अभय नयन, पुत्र नरेश कुमार, निवासी: मुरलीवाला, तहसील धामपुर, थाना अफजलगढ़, बिजनौर, यूपी – ग्राहक
-
विपिन धनकड़, पुत्र ओमकार सिंह, निवासी: मुरलीवाला, तहसील धामपुर, थाना अफजलगढ़, बिजनौर, यूपी – ग्राहक
पुलिस द्वारा सभी आरोपियों के खिलाफ अनैतिक देह व्यापार अधिनियम सहित संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।
