चारधाम यात्रा व्यवस्थाओं का जिलाधिकारी ने किया निरीक्षण, यात्रियों की सुविधा सर्वोपरि – सविन बंसल

देहरादून /ऋषिकेश ,
चारधाम यात्रा को सुगम और सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी सविन बंसल ने शुक्रवार को ऋषिकेश स्थित चारधाम यात्रा ट्रांजिट कैंप का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने यात्रियों के पंजीकरण, चिकित्सा, आवास, भोजन और स्वच्छता से जुड़ी व्यवस्थाओं का विस्तार से जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि “यात्रा व्यवस्थाओं में धन की कोई कमी नहीं होनी चाहिए। यदि किसी विभाग को अतिरिक्त फंड की आवश्यकता होगी, तो जिला प्रशासन द्वारा उसकी व्यवस्था की जाएगी।”

निरीक्षण के दौरान दिए गए प्रमुख निर्देश:

  • भोजन की गुणवत्ता में कोई समझौता न हो, इसके लिए नियमित जांच की व्यवस्था हो।

  • चिकित्सा केंद्र में यात्रियों के स्वास्थ्य परीक्षण एवं आवश्यक उपचार की सुविधाएं हर समय उपलब्ध रहें।

  • शुद्ध पेयजल, चाय और भोजन की समुचित व्यवस्था प्रत्येक हैंगर व टेंट में सुनिश्चित की जाए।

  • शौचालयों की नियमित सफाई के साथ ही साफ-सफाई की समग्र व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जाए।

  • ट्रांजिट कैंप के साथ-साथ होटल, धर्मशाला और गुरुद्वारों में भी श्रद्धालुओं के लिए रहने, खाने, पानी और साफ-सफाई की व्यवस्थाएं चाक-चौबंद रहें।

जिलाधिकारी ने यात्रियों की सुविधा को सर्वोपरि बताते हुए कहा कि प्रत्येक विभाग आपसी समन्वय से कार्य करे ताकि श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।

मौजूद रहे अधिकारी:

निरीक्षण के दौरान एमएनए ऋषिकेश, उप जिलाधिकारी योगेश मेहर, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एम.के. शर्मा, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता, एवं अन्य चारधाम यात्रा से जुड़े विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *