आने वाले समय में महिला आरक्षण बिल अक्षरशः लागू हो भी पायेगा या नहीं यह भविष्य के गर्भ मेंः प्रतिमा
देहरादून ,
प्रदेश कांग्रेस कमेटी की पूर्व प्रदेश प्रवक्ता डाॅक्टर प्रतिमा सिंह ने संसद के दोनों सदनों में महिला आरक्षण बिल पास किये जाने का स्वागत किया तथा बिल को समर्थन कर रहे। उन्होंने सभी दलों का धन्यवाद करते हुए कहा कि देश की संसद एवं विधायिकाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण सम्बन्धी महिला आरक्षण बिल ‘‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम 2023’’ विधेयक लम्बे इंतजार के बाद आखिर सदन में भारी बहुमत से सभी दलों के सहयोग से पास तो करा दिया गया है, परन्तु वही हुआ जिसका अंदेशा जताया जा रहा था। उन्होंने कहा कि भाजपा ने आगामी लोकसभा व कुछ राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनावों में वोट की मजबूरी को इसमें साफ दृष्टांकित कर दिया अन्यथा यदि भाजपा की मंशा साफ होती तो महिला आरक्षण 2024 के लोकसभा चुनाव में लागू किया जा सकता था। यदि इसमें जनगणना तथा परिसीमन आडे आ रहे थे तो जनगणना के उपरान्त आरक्षित सीटों में फेरबदल किया जा सकता था। उन्होंने कहा कि परन्तु भाजपा ने लालकृष्ण आडवाणी जिन्हें आज तक पीएम इन वेटिंग कहा जाता है उसी की भांति महिला आरक्षण इन वेटिंग कर दिया है। आने वाले समय में महिला आरक्षण बिल अक्षरशः लागू हो भी पायेगा या नहीं यह भविष्य के गर्भ में है। इस अवसर पर पूर्व प्रदेश प्रवक्ता डाॅक्टर प्रतिमा सिंह ने कहा कि गृहमंत्री अमित शाह द्वारा सदन में ओबीसी को महिला आरक्षण में आरक्षण दिये जाने के मामले में जिस प्रकार गोलमोल जवाब दिया वह भी इस बडे वर्ग को प्रतिनिधित्व दिये जाने की भाजपा सरकार की मंशा को प्रदर्शित कर रहा है, जो चिंताजनक है।