दून पुलिस ने हवा में पिस्टल लहराकर दबंगई दिखाने वाले युवक को किया गिरफ्तार, निकली टॉय गन – uttarakhandawaaz.in

दून पुलिस ने हवा में पिस्टल लहराकर दबंगई दिखाने वाले युवक को किया गिरफ्तार, निकली टॉय गन

देहरादून ,

सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में एक युवक को मसूरी रोड स्थित बेस्ट ग्रीन वैली सोसाइटी के पास गाड़ी से उतरते और हाथ में असलहा लहराते हुए देखा गया। इस पर पुलिस ने त्वरित संज्ञान लेते हुए संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई की है।

एसएसपी देहरादून के निर्देश पर राजपुर थाना पुलिस ने वायरल वीडियो के आधार पर स्वतः संज्ञान लेते हुए मामला दर्ज किया, भले ही किसी व्यक्ति ने इसकी औपचारिक शिकायत नहीं दी थी।

सीसीटीवी फुटेज से हुआ युवक का खुलासा
पुलिस टीम ने घटना स्थल के आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की और फुटेज में दिख रही गाड़ी के नंबर के आधार पर वाहन स्वामी की पहचान की। पूछताछ में सामने आया कि वीडियो में दिख रहा युवक रौनक पुत्र मांगेराम, निवासी पनियाला, रूड़की (हरिद्वार) है।

पुलिस ने किया गिरफ्तार, पिस्टल निकली टॉय गन
राजपुर क्षेत्र में मुखबिर की सूचना पर रौनक को गिरफ्तार कर लिया गया। उसके कब्जे से पुलिस ने वीडियो में दिख रही पिस्टल भी बरामद की, जो कि एक खिलौना पिस्टल (टॉय गन) निकली।

** reel बनाने के लिए की थी हरकत**
पूछताछ में रौनक ने बताया कि उसने शराब के नशे में रील बनाने के उद्देश्य से हवा में पिस्टल लहराई थी। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त वाहन को मोटर वाहन अधिनियम (एमवी एक्ट) के तहत सीज कर दिया है। मामले में आगे की विवेचना जारी है और पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इस तरह की हरकत के पीछे कोई अन्य उद्देश्य तो नहीं था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *