देहरादून ,
देहरादून: आगामी चारधाम यात्रा 2025 को सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से देहरादून पुलिस ने व्यापक सुरक्षा प्रबंध किए हैं। इसी क्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) देहरादून ने आज ऋषिकेश क्षेत्र में चारधाम यात्रा मार्ग का आकस्मिक निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने निम्न दिशा-निर्देश जारी किए:
-
यात्रा मार्ग पर फ्लैक्स बोर्ड: श्रद्धालुओं की सुविधा हेतु रूट संकेतक फ्लैक्स बोर्ड विभिन्न स्थानों पर लगाए जाएंगे ताकि यात्रियों को मार्गदर्शन मिल सके।
-
चीता मोबाइल टीम: यात्रा मार्ग पर अतिरिक्त चीता मोबाइल यूनिट्स सक्रिय रहेंगी, जो यातायात नियंत्रण और श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करेंगी।
-
पुलिस हेल्प डेस्क: अलग-अलग स्थानों पर पुलिस हेल्प डेस्क स्थापित किए जाएंगे, जहाँ यात्रियों को यात्रा संबंधी जानकारी और सहायता मिलेगी।
-
ड्रोन व सीसीटीवी निगरानी: सम्पूर्ण यात्रा मार्ग पर ड्रोन व सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से 24×7 निगरानी रखी जाएगी। ड्रोन के जरिए सड़क पर गलत तरीके से पार्किंग करने वालों के खिलाफ तत्काल चालान की कार्रवाई भी होगी।
-
यातायात प्रबंधन: यात्रा शुरू होने से पहले पुराने अनुभवों के आधार पर समस्याओं का समाधान कर लिया जाएगा। यातायात दबाव को देखते हुए पूर्व निर्धारित डायवर्जन प्लान के अनुसार यातायात को नियंत्रित किया जाएगा।
-
बुनियादी सुविधाएं: यात्रा मार्ग पर पार्किंग स्थलों पर बिजली, पानी और सूचना संबंधी बोर्ड की व्यवस्था संबंधित विभागों के सहयोग से समय से पूरी की जाएगी।
एसएसपी देहरादून ने रजिस्ट्रेशन ऑफिस, ट्रांजिट कैंप और चारधाम यात्रा कंट्रोल रूम का भी निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की। कंट्रोल रूम के कर्मियों को निर्देशित किया गया कि हर छोटी-बड़ी गतिविधि की सूचना तत्काल उच्चाधिकारियों को दी जाए और किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
देहरादून पुलिस ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे यात्रा मार्ग पर नियमों का पालन करें और किसी भी प्रकार की समस्या होने पर निकटतम पुलिस सहायता केंद्र से संपर्क करें।