देहरादून ,
उत्तराखंड कांग्रेस ने निर्दलीय विधायक उमेश कुमार के उस बयान पर सरकार को कटघरे में खड़ा किया है, जिसमें विधायक उमेश कुमार ने सरकार गिराने के षड्यंत्र की बात कही है। कांग्रेस की प्रदेश प्रवक्ता गरिमा दसौनी ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार के पास तमाम एजेंसियां हैं इसके बावजूद निर्दलीय विधायक के पास यह जानकारी पहुंच जाती है कि सरकार गिराने की साजिश हो रही है। उन्होंने कहा कि उमेश कुमार को सबूत और तथ्यों के आधार पर बात करनी चाहिए। इसके साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि ऐसा लगता है कि भाजपा के विधायक बिकने के लिए तैयार हैं और कोई सरकार गिराने की साजिश रच रहा है। वहीं भाजपा विधायक खजान दास ने इस पर सफाई दी है। उन्होंने कहा कि निर्दलीय विधायक ने यह बयान क्यों दिया किस आधार पर दिया यह वही बता सकते हैं, लेकिन सरकार पर कोई आंच नहीं है और हम सभी लोग संगठन के निर्देश के तहत काम कर रहे हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी प्रदेश के विकास के लिए काम कर रहे हैं और अच्छा काम कर रहे हैं। ऐसे में सरकार गिरने का कोई सवाल ही नहीं होता है।
