देहरादून ,
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष करन माहरा के नेतृत्व में विगत 24 जुलाई को हरिद्वार हरकी पैड़ी से शुरू हुई श्री केदारनाथ धाम प्रतिष्ठा रक्षा यात्रा आज दसवें दिन रुद्रप्रयाग के सीतापुर में पहुंच कर केदार घाटी में आई भीषण आपदा के कारण स्थगित कर दी गई है। इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा ने आज प्रातः सीतापुर में पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ ध्वजारोहण कर पहले आपदा में जान गंवा चुके लोगों की आत्मा की शांति के लिए मौन रखा और तत्पश्चात उन्होंने लोकसभा में विपक्ष के नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की अपील व निर्देश का हवाला देते हुए कहा कि राहुल गांधी ने केदार घाटी में आई आपदा के प्रति चिंता व्यक्त करते हुए सभी यात्रियों से अपील की है कि केदारनाथ धाम प्रतिष्ठा रक्षा यात्रा को स्थितियां सामान्य होने तक स्थगित कर दिया जाये। इस अवसर पर उन्होंने सभी पार्टी कार्यकर्ताओं से आपदा राहत कार्यों में जुटने के निर्देश दिए हैं। इस अवसर पर जानकारी देते हुए प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा ने पदयात्रा में शामिल सभी पार्टी के कार्यकर्ताओं और नेताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि लगातार दस दिनों तक दो सौ किलोमीटर पैदल चल कर जिस संकल्प शक्ति का परिचय दिया वह प्रशंसनीय और अनुकरणीय है। उन्होंने कहा कि हम यात्रा को इसी चरण में पूरा करना चाहते थे किंतु आपदा से जो स्थितियां उत्पन्न हुई हैं इसमें हमारा पहला कर्तव्य प्रभावित लोगों की सहायता करना है इसलिए अब हम यात्रा को स्थगित कर आपदा प्रभावितों की सहायता करेंगे और स्थितियां सामान्य होने के पश्चात दोबारा यात्रा यहीं सीतापुर से शुरू करेंगंे। उन्होंने बताया कि वहीं कांग्रेस कार्यकर्ता व नेतागण बचाव व राहत कार्यों में जुटे हुए है और स्थानीय लोगों व यात्रियों की लगातार मदद कर रहे है। इस अवसर पर रंजीत रावत, ओम गोपाल रावत, ललित फरस्वाण, ज्योति रौतेला, महेश जोशी, महेन्द्र सिंह नेगी गुरूजी, जयेन्द्र रमोला, गोदावरी थापली, राकेश सिंह, पिया थापा, प्रदीप थपलियाल, सुमित्तर भुल्लर, हेमा पुरोहित, अभिनव थापर, विजय कान्त, राजपाल, मोहित उनियाल आदि कांग्रेसजन उपस्थित है।
