कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष ने की गोलीकांड व मारपीट की घटना की उच्च स्तरीय जांच की मांग
देहरादून ,
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष करन माहरा ने मंगलौर विधानसभा क्षेत्र के लिब्बरहेड़ी में घटे गोलीकांड एवं बूथ कैप्चरिंग की घटना की कठोर शब्दों में निंदा करते हुए कहा कि उत्तराखंड जैसे शांतिप्रिय राज्य में इस प्रकार की घटना स्वस्थ लोकतंत्र के लिए गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि गोलीकांड व मारपीट की घटना की उच्च स्तरीय जांच कराई जाये और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्यवाही की जाये। इस अवसर पर करन माहरा ने कहा कि मंगलौर विधानसभा उपचुनाव में स्थानीय प्रशासन द्वारा पूरी तरह से भाजपा सरकार के दबाव में काम किया गया है। उन्होंने कहा कि जिस दिन से उपचुनाव की घोषणा हुई उसी दिन से लगातार स्थानीय प्रशासन धामी सरकार के इशारों पर काम करता दिखाई दिया। उन्होंने कहा कि यही नहीं प्रशासन पर कांग्रेस की चुनावी जनसभाओं को रोकने का भी दबाव बनाया गया जिसकी शिकायत कांग्रेस पार्टी ने निर्वाचन आयोग से की परन्तु इसका अभी तक संज्ञान नहीं लिया गया है। उन्होंने कहा कि जिसके परिणाम स्वरूप आज मंगलौर विधानसभा क्षेत्र के लिब्बरहेडी में मतदान के दौरान बाहरी राज्यों से आये भारतीय जनता पार्टी के गुंडा तत्वों द्वारा कांग्रेस कार्यकर्ताओं व आम मतदाताओं पर लाठी डंडों व हथियारों से हमला किया गया जिसमें कांग्रेस कार्यकर्ता शकील, सहबाग एवं शौकीन नामक व्यक्ति गम्भीर रूप से घायल हुए हैं जिसमें शौकीन नामक युवक की हालत गम्भीर बनी हुई है। इस दौरान करन माहरा ने कहा कि कांग्रेस पार्टी राज्य निर्वाचन आयोग से लगातार शिकायत करती रही है कि भारतीय जनता पार्टी द्वारा मंगलौर विधानसभा उपचुनाव में धनबल एवं बाहुबल का उपयोग किया जा रहा है तथा पूरे चुनाव प्रचार के दौरान मंगलौर उपचुनाव में उत्तर प्रदेश और हरियाणा से आए हुए लोगों का परोक्ष रूप से दखल बढ़ता रहा। उन्होंने कहा कि प्रशासन द्वारा कांग्रेस की शिकायत का कोई संज्ञान नहीं लिया गया और जांच के नाम पर केवल कांग्रेस कार्यकर्ताओं को प्रताड़ित किया गया। उन्होंने कहा कि मंगलौर में प्रशासन पूरी तरह सत्ता के दबाव में कार्य करता रहा और आज मतदान के दौरान पुलिस एवं निर्वाचन आयोग के कर्मियों के सामने मारपीट और गोलीकांड की घटना से साबित हो गया है कि भारतीय जनता पार्टी मंगलौर विधानसभा उपचुनाव को धनबल एवं बाहुबल के प्रयोग से जीतना चाहती है परन्तु स्थानीय जनता उसके इस सपने को कभी पूरा नही होने देगी।
