छात्र-छात्राओं को मेरिट आधार पर प्रवेश देने की मांग की
देहरादून ,
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद डीएवी इकाई के कार्यकर्ताओं ने छात्र-छात्राओं को मेरिट आधार पर प्रवेश देने की मांग को लेकर डीएवी महाविद्यालय के मुख्य गेट पर नारेबाजी के बीच प्रदर्शन करते हुए हेमवती नंदन बहुगुणा केन्द्रीय विश्वविद्यालय के कुलपति का पुतला फूंका। इस अवसर पर डीएवी पीजी कालेज छात्रसंघ अध्यक्ष दयाल बिष्ट ने बताया कि अनेकों छात्र छात्राओं ने जानकारी के अभाव में सीईयूटी की परीक्षा नहीं दी जिस कारण वे गढ़वाल विश्वविद्यालय से संबद्ध कॉलेज में प्रवेश लेने से वंचित हैं, जबकि प्रत्येक महाविद्यालय में 50 प्रतिशत सीट अभी रिक्त हैं। उन्होंने कहा कि अभाविप मांग करती है, छात्रों से उच्च शिक्षा का अधिकार न छीन कर गढ़वाल विश्वविद्यालय बची हुई सीटों पर पूर्व की भांति मेरिट आधार पर छात्रों को प्रवेश का अवसर दिया जाए। उन्होंने कहा कि अन्यथा अभाविप छात्र हितों के लिए उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होगी। उन्होंने कहा कि इसके लिए सभी महाविद्यालयों में प्रदर्शन किया जायेगा और लगातार इसके लिए रणनीति तैयार की जायेगी। इस अवसर पर अनेकों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।