80 लीटर कच्ची शराब, एक हजार लीटर लाहन, भट्टी व उपकरण बरामद
हरिद्वार ,
बहादराबाद पुलिस ने सूचना पर क्षेत्र के अहमदपुर ग्रांट में छापा मारकर कच्ची शराब की भट्टी का भड़ाफोड़ करते हुए दो शराब माफियाओं को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से 80 लीटर कच्ची शराब, एक हजार लीटर लाहन, भट्टी और शराब बनाने के उपकरण बरामद किये हैं। पुलिस ने मौके पर भट्टी को क्षतिग्रस्त करते हुए लाहन को नष्ट कर दिया। वहीं तैयार कच्ची शराब और शराब बनाने में इस्तेमाल उपकरण कब्जे में ले लिए। पुलिस ने शराब माफियाओं के खिलाफ सम्बंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया। जिनको मेडिकल के बाद न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया। बहादराबाद बाजार चैकी प्रभारी प्रदीप राठौर ने बताया कि पुलिस को बीती शाम सूचना मिली कि बहादरबाद क्षेत्र स्थित अहमदपुर ग्रांट में कच्ची शराब की भट्टी संचालित की जा रही है। सूचना पर पुलिस टीम ने बताये गये स्थल को चारों ओर से घेरकर छापामार कर शराब बनाते दो शराब माफियाओं को दबोच लिया। पुलिस टीम ने मौके से तैयार 80 लीटर कच्ची शराब, एक हजार लीटर लाहन, भट्टी और शराब तैयार करने में इस्तेमाल उपकरण बरामद किये हैं। पुलिस टीम ने मौके पर ही भट्टी को क्षतिग्रस्त करते हुए बरामद एक हजार लीटर लाहन को नष्ट कर दिया। जबकि तैयार कच्ची शराब को कब्जे में ले लिया। पूछताछ के दौरान शराब माफियाओं ने अपना नाम विरेन्द्र कुमार पुत्र कलीराम और पिंटू कुमार पुत्र शिवराज निवासीगण अहमदपुर ग्रांट बहादराबाद हरिद्वार बताया है। पुलिस ने शराब माफियाओं के खिलाफ सम्बंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया। जिनको मेडिकल के बाद न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया।