शहरी विकास मंत्री प्रेमचन्द अग्रवाल ने की ऊडा एवं आवास विकास परिषद की बोर्ड बैठक की अध्यक्षता
देहरादून ,
प्रदेश के शहरी विकास मंत्री डॉ. प्रेमचन्द अग्रवाल ने अधिकारियों के साथ विधान सभा स्थित सभागार कक्ष में ऊडा एवं आवास विकास परिषद की बोर्ड बैठक की अध्यक्षता की। बैठक के दौरान मंत्री ने कहा कि ऊडा एवं आवास विकास परिषद की बोर्ड बैठक में महत्वपूर्ण निर्णय लिये गये हैं जिसमें प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत विकासकों को प्रशासनिक शुल्क में लगभग चार हजार रूपये की छूट प्रदान करने का निर्णय लिया गया है जिससे विकासकों को राहत मिल सकेगी। इस अवसर पर आवास विकास मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों को आवास आवंटन में तेजी लाने तथा आवास आवंटन की प्रक्रिया को सरल बनाने के लिए अधिकारियों निर्देशित किया गया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना एक महत्वाकांक्षी परियोजना है जिसका लाभ जनता को मिल रहा है। इस अवसर पर मंत्री ने कहा कि आवास विकास परिषद की रिक्त सम्पत्तियों के निस्तारण हेतु उत्तर प्रदेश आवास विकास परिषद से एक माह में सहमति व मंतव्य देने के लिए कहा गया है। उन्होंने कहा कि आवंटन समितियों का भी पुनर्गठन करने का निर्णय बोर्ड बैठक में लिया गया है। इस अवसर पर मंत्री ने कहा कि परिषद के अतंर्गत टाउनशिप विकसित करने हेतु प्रक्रिया को सरल बनाने के निर्देश दिये गये हैं। उन्होंने कहा कि ऊडा के अन्तर्गत की गई बोर्ड बैठक में शहरों के संकुचन को रोकने एवं वाह्य क्षेत्रों में आवासीय सुविधा विकसित करने हेतु भू-उपयोग परिवर्तन के चार प्रकरणों को मंजूरी प्रदान की गई है। इस अवसर पर संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।