पटेलनगर में देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़, फर्जी नंबर प्लेट वाली बाइक सवार दो बदमाश घायल – uttarakhandawaaz.in

पटेलनगर में देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़, फर्जी नंबर प्लेट वाली बाइक सवार दो बदमाश घायल

पुलिस पर फायरिंग कर भाग रहे बदमाशों को पुलिस ने घेरकर पकड़ा, जवाबी कार्रवाई में दोनों के पैर में लगी गोली

देहरादून ,

पटेलनगर क्षेत्र में देर रात नयागांव के पास सघन चेकिंग के दौरान पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस टीम ने फर्जी नंबर प्लेट लगी मोटरसाइकिल पर सवार दो युवकों को रोकने का प्रयास किया, लेकिन बाइक चालक चेकिंग पॉइंट पर नहीं रुका और मोटरसाइकिल लेकर बुडपुर की तरफ भागने लगा। इसके बाद पुलिस टीम ने बदमाशों का पीछा किया।

पुलिस के अनुसार, पीछा किए जाने के दौरान बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी, जिससे पुलिस की गाड़ी क्षतिग्रस्त हो गई। इसके बाद पुलिस टीम ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें मोटरसाइकिल सवार दोनों बदमाश घायल हो गए। प्रारंभिक सूचना के अनुसार, दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी है।

सूचना मिलते ही अधिकारी मौके पर पहुंचे

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुए। घायल बदमाशों को उपचार के लिए प्रेमनगर चिकित्सालय भेजा गया। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और अस्पताल पहुंचकर संबंधित अधिकारियों से घटना के संबंध में जानकारी ली।

कई थाना क्षेत्रों में नकबजनी की घटनाओं में संलिप्तता की बात आई सामने

पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ में घायल बदमाशों ने पटेलनगर, विकासनगर और सहसपुर सहित अन्य थाना क्षेत्रों में नकबजनी की घटनाओं में संलिप्तता की बात बताई है। पूछताछ में यह भी सामने आया कि वे आज भी किसी वारदात को अंजाम देने के इरादे से जा रहे थे।

पुलिस के अनुसार, दोनों बदमाशों का पुराना आपराधिक इतिहास है। वे पहले भी कई बार हरिद्वार जेल जा चुके हैं। दोनों के गैंगस्टर होने की जानकारी भी सामने आई है।

एफएसएल टीम ने घटनास्थल का किया निरीक्षण

मुठभेड़ के बाद एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई की। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *