मसूरी में तंबाकू विक्रेताओं के लिए लाइसेंस अनिवार्य करने की व्यवस्था पर जोर, नियंत्रण कानूनों के प्रति किया जागरूक – uttarakhandawaaz.in

मसूरी में तंबाकू विक्रेताओं के लिए लाइसेंस अनिवार्य करने की व्यवस्था पर जोर, नियंत्रण कानूनों के प्रति किया जागरूक

नगर पालिका में आयोजित हुई कार्यशाला, तंबाकू उत्पादों की बिक्री को नियमन के दायरे में लाने पर चर्चा

स्वास्थ्य विभाग और बालाजी सेवा संस्थान की पहल, विभागों के बीच समन्वय मजबूत करने पर दिया गया जोर

मसूरी / देहरादून ,

पर्यटन नगरी मसूरी में तंबाकू नियंत्रण को प्रभावी बनाने और तंबाकू उत्पादों की बिक्री को व्यवस्थित करने के उद्देश्य से शुक्रवार को नगर पालिका परिषद में तंबाकू विक्रेता लाइसेंसिंग (TVL) एवं तंबाकू नियंत्रण विषय पर जागरूकता कार्यशाला आयोजित की गई। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मनोज कुमार शर्मा के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यशाला में संबंधित विभागों के अधिकारियों, स्थानीय व्यवसायियों और अन्य हितधारकों ने प्रतिभाग किया।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय, देहरादून तथा बालाजी सेवा संस्थान के सहयोग से आयोजित कार्यशाला नगर पालिका परिषद, मसूरी की अध्यक्ष मीरा सकलानी के मार्गदर्शन में संपन्न हुई। इसका उद्देश्य तंबाकू विक्रेताओं के लाइसेंस की व्यवस्था, तंबाकू नियंत्रण से जुड़े नियमों और उनके प्रभावी क्रियान्वयन के प्रति संबंधित विभागों एवं हितधारकों को जागरूक करना था।

तंबाकू उत्पादों की बिक्री को नियमन के दायरे में लाने पर जोर

कार्यशाला में तंबाकू उत्पादों की बिक्री को नियमन के दायरे में लाने, निर्धारित नियमों का अनुपालन सुनिश्चित करने और तंबाकू नियंत्रण कानूनों को प्रभावी ढंग से लागू करने में स्थानीय निकायों तथा स्वास्थ्य विभाग की भूमिका पर विस्तार से चर्चा की गई।

वक्ताओं ने तंबाकू विक्रेता लाइसेंसिंग (TVL) व्यवस्था के माध्यम से तंबाकू उत्पादों की बिक्री को बेहतर तरीके से विनियमित करने और सार्वजनिक स्वास्थ्य की सुरक्षा मजबूत करने पर जोर दिया। साथ ही, तंबाकू नियंत्रण से संबंधित नियमों के अनुपालन के लिए संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने की आवश्यकता पर भी बल दिया गया।

पर्यटन नगरी में तंबाकू नियंत्रण के प्रयास होंगे मजबूत

कार्यशाला का उद्देश्य मसूरी में तंबाकू नियंत्रण संबंधी प्रयासों को सुदृढ़ करना और स्थानीय स्तर पर नियमों के प्रभावी अनुपालन को बढ़ावा देना है। इस पहल के माध्यम से संबंधित विभागों, स्थानीय निकायों और तंबाकू विक्रेताओं को उनकी जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया गया।

ये रहे मौजूद

कार्यशाला में नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी गौरव भसीन, जिला तंबाकू नियंत्रण प्रकोष्ठ की प्रतिनिधि अर्चना उनियाल, बालाजी सेवा संस्थान से अवधेश कुमार और ममता थापा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी तथा तंबाकू विक्रेता प्रतिष्ठानों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *