देहरादून में सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था वीडियो, एसएसपी के निर्देश पर पुलिस ने की कार्रवाई
दशहरा मेले से खरीदकर लाए थे खिलौना पिस्टल, सार्वजनिक सड़क पर रौब दिखाने के लिए कार से बाहर लहराया था
देहरादून ,
सोशल मीडिया पर प्रसिद्धि पाने और रौब दिखाने का शौक तीन युवकों को भारी पड़ गया। राजपुर रोड पर चलती कार से तमंचा लहराने का वीडियो वायरल होने के बाद दून पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन युवकों को हिरासत में लिया। जांच में सामने आया कि वीडियो में दिखाई दे रहा हथियार असली तमंचा नहीं, बल्कि खिलौना पिस्टल थी, जिसे युवक दशहरा मेले से खरीदकर लाए थे।
जानकारी के अनुसार, सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में राजपुर रोड पर स्विफ्ट डिजायर कार में सवार एक युवक कार से बाहर हथियार लहराता दिखाई दे रहा था। सार्वजनिक स्थान पर इस तरह हथियार प्रदर्शित करने से आमजन में भय और असुरक्षा का माहौल उत्पन्न होने की आशंका थी। मामले का संज्ञान लेते हुए एसएसपी देहरादून ने संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध तत्काल वैधानिक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
इसके बाद पुलिस टीम ने वायरल वीडियो में दिखाई दे रही कार के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर वाहन को ट्रेस किया और उसके सवार युवकों को आवश्यक पूछताछ के लिए थाने लाया गया। जांच के दौरान पता चला कि युवक दशहरा मेले से खिलौना पिस्टल खरीदकर लाए थे और रौब दिखाने के चक्कर में उसे कार से बाहर लहराया था। पुलिस जांच में भी वीडियो में दिखाई दे रहा हथियार खिलौना पिस्टल पाया गया।
हालांकि, सार्वजनिक मार्ग पर इस प्रकार का गैर-जिम्मेदाराना कृत्य करने और इससे आमजन में भ्रम व डर का माहौल बनने के मामले में संबंधित युवकों के विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
हिरासत में लिए गए युवकों का विवरण
- शशांक कुमार पुत्र राजेश कुमार, निवासी 218/3, डीएल रोड, डालनवाला, देहरादून।
- अक्षय कुमार पुत्र राजेश कुमार, निवासी 218/3, डीएल रोड, डालनवाला, देहरादून।
- अर्पित गुप्ता पुत्र ओम प्रकाश गुप्ता, निवासी 20, सीमेंट रोड, डालनवाला, देहरादून।
दून पुलिस की अपील
दून पुलिस ने आमजन से अपील की है कि सोशल मीडिया पर रील बनाने, रौब दिखाने या प्रसिद्धि पाने के लिए इस प्रकार की हरकतें न करें। ऐसे गैर-जिम्मेदाराना आचरण से आमजन में भय और भ्रम की स्थिति पैदा हो सकती है। पुलिस ने स्पष्ट किया कि इस तरह के कृत्यों पर नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
