जिला योजना समिति के नवनिर्वाचित सदस्यों को मिले प्रमाण पत्र, डीएम ने संतुलित विकास पर दिया जोर – uttarakhandawaaz.in

जिला योजना समिति के नवनिर्वाचित सदस्यों को मिले प्रमाण पत्र, डीएम ने संतुलित विकास पर दिया जोर

देहरादून ,

जिला योजना समिति (डीपीसी) सामान्य निर्वाचन-2026 की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शनिवार, 17 अक्टूबर को देहरादून में नवनिर्वाचित सदस्यों को जीत के प्रमाण पत्र वितरित किए गए। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. आशीष चौहान और महापौर सौरभ थपलियाल ने सदस्यों को प्रमाण पत्र सौंपकर शुभकामनाएं दीं। इस दौरान जनपद के संतुलित विकास, जनसमस्याओं के समाधान और भविष्य की विकास योजनाओं को प्रभावी बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया गया।

जिला योजना समिति के लिए 16 अक्टूबर को मतदान और मतगणना की प्रक्रिया संपन्न हुई थी। निर्वाचन में ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। कई सीटों पर सदस्य निर्विरोध निर्वाचित हुए, जबकि कुछ सीटों पर मतदान के बाद परिणाम घोषित किए गए।

नगर निगम देहरादून की सभी 15 सीटों पर निर्विरोध निर्वाचन

नगर निगम देहरादून की सभी 15 सीटों पर रविन्द्र सिंह, भूपेन्द्र सिंह कठैत, नंदिनी शर्मा, संतोख सिंग नागपाल, वैभव अग्रवाल, सतीश कश्यप, विमल चन्द उनियाल, कपिल धर, आलोक कुमार, संजीत कुमार बंसल, पूजा नेगी, अमिता सिंह, मीनाक्षी मौर्या, प्रवीन सिंह नेगी और अशोक डोबरियाल निर्विरोध निर्वाचित हुए।

इसी तरह जिला पंचायत के अंतर्गत आने वाले सभी 10 प्रादेशिक निर्वाचन क्षेत्रों में अमिता राज, खुशबू गुरुंग, गोविन्द सिंह, दीवान सिंह, पिंकी रोहिला, रश्मि देवी, विजयलक्ष्मी, विनिता रतूड़ी, संजय किशोर और हुकम चन्द्र निर्विरोध निर्वाचित हुए। वहीं, विकासनगर, सेलाकुई और हरबर्टपुर के संयुक्त प्रादेशिक क्षेत्र से एल. शर्मा निर्विरोध चुने गए।

ऋषिकेश, डोईवाला और मसूरी में मतदान से चुने गए सदस्य

नगर निगम ऋषिकेश की दो सीटों तथा नगर पालिका परिषद डोईवाला और मसूरी की एक-एक सीट पर मतदान के बाद सदस्यों का निर्वाचन हुआ। ऋषिकेश से राजेन्द्र सिंह बिष्ट और संध्या बिष्ट, डोईवाला से रियायत अली तथा मसूरी से पवन भलवाल निर्वाचित हुए।

जनसमस्याओं के समाधान को प्राथमिकता दें सदस्य: डीएम

प्रमाण पत्र वितरण कार्यक्रम में जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने कहा कि जिला योजना समिति जनपद के संतुलित और समग्र विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने नवनिर्वाचित सदस्यों से जनसमस्याओं के त्वरित निस्तारण और दूरगामी विकास योजनाओं के प्रस्ताव तैयार करने में सक्रिय योगदान देने की अपील की।

महापौर सौरभ थपलियाल ने नगर निगम देहरादून की सभी 15 सीटों पर निर्विरोध निर्वाचन के लिए सदस्यों को बधाई दी। उन्होंने उम्मीद जताई कि नगर निगम क्षेत्र में बिना किसी भेदभाव के विकास कार्यों को गति मिलेगी और आमजन की समस्याओं के समाधान पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, संयुक्त मजिस्ट्रेट हर्षिता सिंह, एसडीएम अपूर्वा सिंह और जिला विकास अधिकारी सुनील कुमार सहित कई वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *