रायपुर के विष्णु लोक में तिहरे हत्याकांड पर कांग्रेस ने सरकार को घेरा – uttarakhandawaaz.in

रायपुर के विष्णु लोक में तिहरे हत्याकांड पर कांग्रेस ने सरकार को घेरा

प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने पुलिस को लिया आड़े हाथों, बोले—प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त

देहरादून ,

रायपुर थाना क्षेत्र के विष्णु लोक में दिनदहाड़े हुए तिहरे हत्याकांड से प्रदेश में सनसनी फैल गई है। घटना को लेकर कांग्रेस ने प्रदेश की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए राज्य सरकार और पुलिस को घेरा है।

उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना तिहरे हत्याकांड के बाद कोरोनेशन अस्पताल पहुंचे। यहां उन्होंने अस्पताल में मौजूद मीडिया कर्मियों से बातचीत करते हुए कहा कि इस घटना से आम जनता का पुलिस और राज्य सरकार पर भरोसा डगमगा गया है।

धस्माना ने आरोप लगाया कि प्रदेश में अपराधियों के मन में पुलिस का खौफ समाप्त हो गया है। उन्होंने कहा कि देहरादून में भाजपा की वरिष्ठ पार्षद अमिता सिंह के घर हुई लूट के एक सप्ताह के भीतर लूट के उद्देश्य से तिहरे हत्याकांड की घटना सामने आना अपराधियों के बढ़ते मनोबल को दर्शाता है।

एसएसपी से जताई नाराजगी

धस्माना ने कोरोनेशन अस्पताल से ही देहरादून के एसएसपी परमेंद्र डोभाल से फोन पर बात कर कानून व्यवस्था को लेकर कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने सवाल उठाया कि इतनी बड़ी आपराधिक घटना के बाद जिस अस्पताल में तीन शव मौजूद हैं, वहां कोई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर क्यों नहीं पहुंचा।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था की स्थिति चिंताजनक है और सरकार को इस पर गंभीरता से कार्रवाई करनी चाहिए।

डीजीपी और मुख्य सचिव से मिलेंगे

सूर्यकांत धस्माना ने कहा कि वह इस मामले को लेकर डीजीपी और मुख्य सचिव से मुलाकात करेंगे। उन्होंने बताया कि कांग्रेस की ओर से कानून व्यवस्था से जुड़े मुद्दों को लेकर अधिकारियों को मांग पत्र सौंपा जाएगा और प्रदेश में बढ़ते अपराधों पर प्रभावी कार्रवाई की मांग की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *