देहरादून ,
नेहरू कॉलोनी थाना क्षेत्र में सार्वजनिक स्थान पर कथित हुड़दंग और मारपीट के मामले में पुलिस ने मशहूर यू-ट्यूबर अनुराग डोभाल समेत चार लोगों को हिरासत में लिया है। मामला हरिद्वार बाईपास स्थित नेक्सा शोरूम के पास का बताया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार, अनुराग डोभाल अपने तीन साथियों के साथ राज सिंह चौहान नामक व्यक्ति के साथ कथित तौर पर मारपीट कर रहे थे। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने अनुराग डोभाल समेत चार लोगों को हिरासत में लिया है। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है और घटना के संबंध में दोनों पक्षों से पूछताछ की जा रही है।
फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि विवाद की शुरुआत किस बात को लेकर हुई और मारपीट की वास्तविक परिस्थितियां क्या थीं।