शिक्षकों के लिए तैयार होंगे AI आधारित ऑनलाइन पाठ्यक्रम, DIKSHA और यूके ई-सृजन जैसे डिजिटल प्लेटफॉर्म पर होंगे उपलब्ध
देहरादून,
उत्तराखंड में शिक्षकों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और डिजिटल तकनीक के प्रभावी इस्तेमाल के लिए तैयार करने की दिशा में नई पहल शुरू हुई है। राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (SCERT) उत्तराखंड और कोटक एजुकेशन फाउंडेशन (KEF) के बीच AI प्रशिक्षण को लेकर समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए हैं।
इस साझेदारी का उद्देश्य प्रदेश के शिक्षकों में AI की समझ और तकनीकी दक्षता बढ़ाने के साथ-साथ डिजिटल एवं तकनीक आधारित शिक्षा को मजबूत करना है। समझौते के तहत SCERT उत्तराखंड का IT विभाग और KEF मिलकर शिक्षकों के लिए AI से संबंधित शैक्षिक सामग्री और ऑनलाइन पाठ्यक्रम तैयार करेंगे।
‘AI Course for Educators’ होगा तैयार
इस पहल के तहत KEF, SCERT उत्तराखंड के साथ मिलकर ‘AI Course for Educators’ को राज्य की शैक्षिक जरूरतों के अनुरूप तैयार और लागू करेगा। पाठ्यक्रम में AI तथा नई डिजिटल शिक्षण पद्धतियों को शामिल किया जाएगा, जिससे शिक्षक कक्षा में तकनीक का प्रभावी उपयोग कर सकें।
SCERT के अतिरिक्त निदेशक पद्मेंद्र सकलानी के अनुसार तैयार किए जाने वाले पाठ्यक्रमों को DIKSHA, यूके ई-सृजन और मिशन कर्मयोगी जैसे डिजिटल प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध कराने की योजना है। इसके साथ ही शिक्षकों को तकनीकी सहायता उपलब्ध कराने और अधिक से अधिक शिक्षकों तक प्रशिक्षण की पहुंच सुनिश्चित करने पर भी काम किया जाएगा।
दूरस्थ क्षेत्रों के शिक्षकों तक पहुंचाने पर जोर
SCERT उत्तराखंड की निदेशक (अकादमिक) बंदना गर्ब्याल ने साझेदारी का स्वागत करते हुए कहा कि इससे प्रदेश के शिक्षकों, विशेषकर दूरस्थ जिलों में कार्यरत शिक्षकों तक AI आधारित और गुणवत्तापूर्ण शैक्षिक संसाधन पहुंचाने में मदद मिलेगी। उन्होंने इसे शिक्षक प्रशिक्षण को मजबूत करने, विद्यार्थियों में नवाचार को बढ़ावा देने और भविष्य की जरूरतों के अनुरूप कक्षाओं को तैयार करने की दिशा में महत्वपूर्ण सहयोग बताया।
वहीं, कोटक एजुकेशन फाउंडेशन की COO जयश्री रमेश ने कहा कि शिक्षकों को भविष्य की तकनीकों के अनुरूप आवश्यक उपकरण और प्रशिक्षण मिलना जरूरी है, ताकि वे विद्यार्थियों को भी भविष्य की चुनौतियों और अवसरों के लिए तैयार कर सकें।
महाराष्ट्र मॉडल को उत्तराखंड में लागू करने की तैयारी
KEF का ‘एजुकेटर्स के लिए AI साथी’ नामक AI पाठ्यक्रम पहले से महाराष्ट्र में लागू है। यह पाठ्यक्रम SCERT महाराष्ट्र के सहयोग से तैयार किया गया है और DIKSHA प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध है। संस्था के अनुसार महाराष्ट्र में इस पाठ्यक्रम की पहुंच