छुट्टी के दिन भी कार्मिक हितों पर यूपीसीएल एमडी सख्त, लंबित प्रकरणों के समयबद्ध निस्तारण के निर्देश

देहरादून ,

उत्तराखंड पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (यूपीसीएल) के प्रबंध निदेशक ने कार्मिक हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए रविवार, 23 अगस्त को अवकाश के दिन विशेष बैठक बुलाई। बैठक का उद्देश्य मानव संसाधन अनुभाग में लंबित कार्मिक प्रकरणों का त्वरित और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करना रहा।

बैठक में मानव संसाधन अनुभाग के अधिशासी निदेशक आर.जे. मलिक ने कार्मिकों से जुड़े विभिन्न लंबित मामलों की जानकारी प्रबंध निदेशक के समक्ष रखी। प्रबंध निदेशक ने संबंधित अधिकारियों और कार्मिकों से प्रत्येक प्रकरण की वर्तमान स्थिति की जानकारी ली तथा मामलों के शीघ्र निस्तारण के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।

प्रबंध निदेशक ने स्पष्ट कहा कि कार्मिकों से जुड़े मामलों के निपटारे में अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी लंबित प्रकरणों की नियमानुसार जांच कर प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने कहा कि लंबित प्रकरणों की नियमित समीक्षा की जाएगी और कार्यों में देरी या लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी। साथ ही, मामलों की प्रगति पर लगातार निगरानी रखने के निर्देश भी दिए गए।

बैठक में मानव संसाधन अनुभाग के अधिकारियों ने लंबित प्रकरणों की अद्यतन स्थिति से प्रबंध निदेशक को अवगत कराया। प्रकरणवार कार्रवाई को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

अवकाश के दिन विशेष बैठक बुलाने का उद्देश्य लंबित मामलों के निस्तारण में तेजी लाना और कार्मिकों की समस्याओं का जल्द समाधान सुनिश्चित करना रहा। यूपीसीएल ने कार्मिक हितों से जुड़े मामलों के त्वरित, पारदर्शी और समयबद्ध निस्तारण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *