हर घर तिरंगा अभियान को जनआंदोलन बनाने की मुख्यमंत्री धामी की अपील

देहरादून ,

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री आवास में तिरंगा फहराकर ‘हर घर तिरंगा’ अभियान का संदेश दिया। उन्होंने प्रदेशवासियों से राष्ट्रध्वज के सम्मान और देशभक्ति की भावना के साथ अपने घरों, प्रतिष्ठानों एवं सार्वजनिक स्थलों पर तिरंगा फहराने की अपील की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति समर्पण, एकता और गौरव की भावना का उत्सव है। तिरंगा देश की अस्मिता, स्वाभिमान, त्याग और बलिदान का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर शुरू हुआ यह अभियान आज जन-जन का अभियान बन चुका है और नागरिकों को राष्ट्र निर्माण की भावना से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम है।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की वीरभूमि ने देश की रक्षा और सेवा में हमेशा अग्रणी भूमिका निभाई है। ऐसे में प्रदेश के प्रत्येक परिवार को उत्साहपूर्वक इस अभियान में भाग लेकर राष्ट्रभक्ति की गौरवशाली परंपरा को और मजबूत करना चाहिए।

मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से अपने घरों पर तिरंगा लगाने, राष्ट्रध्वज संहिता का पालन करने तथा बच्चों और युवाओं को तिरंगे के सम्मान एवं राष्ट्रप्रेम के संस्कारों से जोड़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सामूहिक सहभागिता से ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को जनआंदोलन का स्वरूप देते हुए देश की एकता, अखंडता और गौरव को और सुदृढ़ किया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *