हरिद्वार ,
दशहरा की मध्यरात्रि से गंगनहर को 18 दिनों के लिए बंद किया जाएगा। उत्तर प्रदेश सिंचाई विभाग इस अवधि में नहर की सफाई और मरम्मत का कार्य करेगा। छोटी दीपावली की मध्यरात्रि, यानी 19 अक्टूबर से गंगनहर में दोबारा पानी छोड़ा जाएगा।
सिंचाई विभाग के सहायक अभियंता भारत भूषण ने बताया कि हर वर्ष दशहरे से दीपावली तक गंगनहर की वार्षिक बंदी होती है। इस दौरान सिल्ट की सफाई और आवश्यक मरम्मत का कार्य किया जाता है।
नहर बंदी के चलते हरकी पैड़ी सहित गंगा घाटों पर जल की उपलब्धता प्रभावित होगी। केवल हरकी पैड़ी आरती के समय गंगा की अविछिन्न धारा से सीमित मात्रा में गंगाजल उपलब्ध कराया जाएगा। श्रद्धालुओं को पर्याप्त जल 20 अक्टूबर की सुबह से ही मिल पाएगा।