देहरादून,
देहरादून–पांवटा साहिब पुराने राष्ट्रीय राजमार्ग पर नंदा की चौकी स्थित टॉस नदी पर बने नवनिर्मित पुल की एप्रोच रोड क्षतिग्रस्त होने के मामले में उत्तराखंड शासन ने सख्त रुख अपनाते हुए लोक निर्माण विभाग (PWD) के तीन अभियंताओं को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
लोक निर्माण विभाग के सचिव पंकज कुमार पांडे द्वारा जारी आदेश के अनुसार, प्रांतीय खंड लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता राजेश कुमार को कार्य में लापरवाही बरतने के आरोप में निलंबित किया गया है।
इसके अलावा सहायक अभियंता अमित त्यागी और कनिष्ठ अभियंता नवीन गैरोला को भी लापरवाही के आरोप में निलंबित किया गया है।
शासन ने तीनों अभियंताओं को आगामी आदेश तक प्रमुख अभियंता कार्यालय से संबद्ध रहने के निर्देश दिए हैं।
गौरतलब है कि हाल ही में टॉस नदी पर निर्मित नए पुल की एप्रोच रोड क्षतिग्रस्त होने के बाद निर्माण कार्य की गुणवत्ता और निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठे थे। मामले के सामने आने के बाद शासन ने इसे गंभीरता से लेते हुए तत्काल अनुशासनात्मक कार्रवाई की है।
अब इस पूरे प्रकरण की विभागीय जांच कराई जाएगी, जिसमें निर्माण कार्य की गुणवत्ता, तकनीकी मानकों के पालन और संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की जाएगी। दोषी पाए जाने वालों के विरुद्ध नियमानुसार आगे की कार्रवाई भी की जाएगी।
