मतदाता सूची पुनरीक्षण पर सख्त निगरानी: मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने देहरादून के मतदान केंद्रों का किया निरीक्षण

देहरादून ,

उत्तराखंड के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (CEO) डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम ने मंगलवार को देहरादून जनपद के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में स्थित मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) से जुड़े नोटिसों की सुनवाई और उनकी प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने मतदान केंद्रों पर पहुंचे मतदाताओं से बातचीत कर फीडबैक भी लिया और अधिकारियों को आमजन को अनावश्यक परेशानी से बचाने के निर्देश दिए।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने राजपुर विधानसभा के बूथ संख्या-65 स्थित प्राथमिक विद्यालय दिलाराम बाजार तथा रायपुर विधानसभा के बूथ संख्या-10 स्थित प्राथमिक विद्यालय डांडा खुदानेवाला का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि फील्ड विजिट का उद्देश्य जमीनी स्तर पर सामने आ रही व्यवहारिक समस्याओं को समझना और उनका त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने बताया कि सभी मंडल आयुक्तों, जिलाधिकारियों (DM), निर्वाचन पंजीकरण अधिकारियों (ERO) और संबंधित अधिकारियों को नियमित रूप से फील्ड विजिट करने के निर्देश दिए गए हैं।

डॉ. पुरुषोत्तम ने बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) को निर्देश दिए कि सामान्य अथवा मामूली विसंगतियों वाले मामलों में आवश्यक दस्तावेजों का सत्यापन कर स्वयं ही उनका निस्तारण करें, ताकि मतदाताओं को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने कहा कि जिन मतदाताओं की मैपिंग अब तक नहीं हो पाई है, उन पर विशेष ध्यान दिया जाए तथा आवश्यक मामलों में ईआरओ और एईआरओ स्तर पर नियमानुसार सुनवाई कर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने बताया कि सोमवार को हरिद्वार में भी मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया गया था और वहां भी अधिकारियों को मतदाता सुविधा तथा पारदर्शी प्रक्रिया सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए थे।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने CEO कार्यालय के वरिष्ठ अधिकारियों को भी विभिन्न जनपदों में स्थलीय निरीक्षण करने की जिम्मेदारी सौंपी है। इसके तहत अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे को देहरादून और हरिद्वार, संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी प्रकाश चंद्र दुम्का को नैनीताल, अल्मोड़ा, चंपावत एवं पिथौरागढ़, उप मुख्य निर्वाचन अधिकारी को पौड़ी, रुद्रप्रयाग, चमोली एवं बागेश्वर तथा सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी मस्तू दास को ऊधम सिंह नगर, टिहरी और उत्तरकाशी जनपदों का दायित्व सौंपा गया है।

निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, ईआरओ रायपुर डॉ. अपूर्वा सिंह, ईआरओ राजपुर तनवीर मारवाह सहित निर्वाचन विभाग के अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *