क्लेमेंटटाउन में दर्दनाक हादसा: बरसाती नाले में बहने से दो मासूम बहनों की मौत

देहरादून ,
राजधानी देहरादून के क्लेमेंटटाउन क्षेत्र में गुरुवार को एक हृदयविदारक हादसे में बरसाती नाले के तेज बहाव में बहने से दो मासूम सगी बहनों की मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।

पुलिस के अनुसार, गुरुवार शाम करीब 4 बजे राजेश मित्तल ने थाना क्लेमेंटटाउन को सूचना दी कि नई बस्ती स्थित दुर्गा मंदिर के पास दो बच्चियां बरसाती नाले के तेज बहाव में बहकर नाले के ऊपर बने रैंप के नीचे फंस गई हैं। सूचना मिलते ही थाना क्लेमेंटटाउन पुलिस मौके पर पहुंची। हालांकि, पुलिस के पहुंचने से पहले ही स्थानीय लोगों ने दोनों बच्चियों को बाहर निकाल लिया था, लेकिन तब तक उनकी डूबने से मौत हो चुकी थी।

मृतक बच्चियों की पहचान लक्ष्मी कुमारी (7 वर्ष) और सोनाक्षी कुमारी (3 वर्ष) के रूप में हुई है। उनकी मां रीना कुमारी ने पुलिस को बताया कि दोनों बच्चियां दोपहर में घर के बाहर बरसाती नाले में नहाने गई थीं। इसी दौरान अचानक नाले में तेज पानी आ गया और दोनों बहकर रैंप के नीचे फंस गईं। काफी देर तक बच्चियों के घर नहीं लौटने पर खोजबीन की गई, जिसमें बड़ी बेटी की टांग रैंप के नीचे दिखाई दी। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।

रीना कुमारी ने बताया कि उनका परिवार मूल रूप से बिहार के खगड़िया जिले का रहने वाला है और वर्तमान में नई बस्ती में किराये पर रहकर दिहाड़ी मजदूरी करता है। घटना के समय उनके पति किसी काम से बिहार गए हुए थे, जिन्हें हादसे की सूचना दे दी गई है।

पुलिस ने दोनों बच्चियों के शवों का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवा दिया है। प्रारंभिक जांच में स्थानीय लोगों ने भी बच्चियों की मौत बरसाती नाले के ऊपर बने रैंप के नीचे फंसने और डूबने से होने की पुष्टि की है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।

प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि बरसात के दौरान बच्चों को बरसाती नालों, नदी-नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों के आसपास न जाने दें, क्योंकि अचानक जलस्तर बढ़ने से ऐसे हादसे हो सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *