देहरादून ,
श्री गुरु राम राय (एसजीआरआर) विश्वविद्यालय के स्कूल ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी ने एसजीआरआर पब्लिक स्कूल, गोपेश्वर के मेधावी छात्र आलेख परमार को पहले ही प्रयास में जेईई एडवांस्ड 2026 उत्तीर्ण कर भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) मुंबई में प्रवेश प्राप्त करने पर बधाई दी है।
श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय के प्रेसीडेंट श्रीमहंत देवेन्द्र दास जी महाराज ने आलेख परमार, उनके माता-पिता और शिक्षकों को इस उपलब्धि पर शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
सुदूर पर्वतीय क्षेत्र गोपेश्वर से आने वाले आलेख की इस सफलता ने क्षेत्र के विद्यार्थियों और अभिभावकों में नया उत्साह भर दिया है। एसजीआरआर पब्लिक स्कूल, गोपेश्वर के प्रधानाचार्य दान सिंह बिष्ट ने बताया कि आलेख शुरू से ही प्रतिभाशाली, अनुशासित और मेहनती छात्र रहे हैं। उन्होंने लगातार उत्कृष्ट शैक्षणिक प्रदर्शन किया और सीबीएसई कक्षा 12 बोर्ड परीक्षा 2026 में विद्यालय के टॉपर भी रहे।
एसजीआरआर परिवार ने इसे न केवल संस्थान बल्कि पूरे उत्तराखंड के लिए गौरव का विषय बताया है। संस्थान का कहना है कि आलेख परमार ने यह साबित किया है कि सीमित संसाधनों और दूरस्थ पर्वतीय क्षेत्रों से आने वाले विद्यार्थी भी दृढ़ संकल्प, कड़ी मेहनत और लगन के बल पर देश के प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थानों तक अपनी जगह बना सकते हैं।
आलेख परमार की यह उपलब्धि उत्तराखंड के सुदूर पहाड़ी क्षेत्रों के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बन गई है और यह संदेश देती है कि कठिन परिश्रम और आत्मविश्वास के साथ किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।