धर्मपुर में बहुउद्देशीय शिविर का शुभारंभ, विधायक विनोद चमोली ने किया उद्घाटन; 23 विभागों की योजनाओं का सैकड़ों लोगों को मिला लाभ

देहरादून ,

उत्तराखंड सरकार की ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ पहल के तहत सोमवार को धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र के कारगी स्थित जेपी प्लाजा में विशाल बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ धर्मपुर विधायक विनोद चमोली ने दीप प्रज्वलित कर किया। कार्यक्रम में भाजपा के मंडल अध्यक्ष, पार्षदगण, महिला मोर्चा की पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

शिविर का उद्देश्य विभिन्न सरकारी योजनाओं और सेवाओं को एक ही स्थान पर आम जनता तक पहुंचाना था। इस दौरान 23 सरकारी विभागों ने अपने-अपने स्टॉल लगाकर लोगों को योजनाओं की जानकारी देने के साथ-साथ मौके पर ही लाभ भी प्रदान किया।

स्वास्थ्य विभाग की ओर से लगाए गए विशेष स्टॉल पर राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (RBSK) के तहत बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। वहीं, क्षय रोग (टीबी) निवारण कार्यक्रम के अंतर्गत मरीजों के डिजिटल एक्स-रे और आवश्यक लैब जांचें भी निःशुल्क कराई गईं।

शिविर में कुल 173 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण, उपचार एवं एनसीडी (NCD) स्क्रीनिंग की गई, जिनमें 76 पुरुष और 97 महिलाएं शामिल रहीं। डिजिटल हेल्थ मिशन के तहत 38 नागरिकों की आभा आईडी (ABHA ID) बनाई गई, जबकि 25 मरीजों के रक्त परीक्षण भी किए गए।

इस अवसर पर विधायक विनोद चमोली ने कहा कि सरकार की यह पहल अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने सभी विभागों, विशेष रूप से स्वास्थ्य विभाग के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे शिविर जनता और शासन के बीच की दूरी को कम करने में अहम भूमिका निभा रहे हैं।

कार्यक्रम में अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रदीप राणा, सिटी अर्बन हेल्थ ऑफिसर राकेश बिष्ट, शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कारगी के चिकित्सक, स्वास्थ्य कर्मी एवं आशा कार्यकर्त्रियां भी उपस्थित रहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *