राजपुर पुलिस ने चोरी का किया खुलासा, तीन शातिर चोर गिरफ्तार, ₹1.05 लाख नकदी बरामद

देहरादून ,
राजपुर थाना पुलिस ने बंद मकान में हुई चोरी की घटना का खुलासा करते हुए तीन शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ₹1.05 लाख नकद, चोरी में प्रयुक्त औजार और तीन मोबाइल फोन बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपी कबाड़ बीनने की आड़ में बंद मकानों की रेकी कर सुनियोजित तरीके से चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे।

पुलिस के अनुसार, 26 जून 2026 को सहस्त्रधारा निवासी अजय सिंह ने थाना राजपुर में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी मालकिन का मक्कावाला, मसूरी रोड स्थित मकान अधिकांश समय बंद रहता है। जब वह मकान देखने पहुंचे तो मुख्य गेट का ताला टूटा मिला और बरामदे में रखी दो बड़ी पीतल की मूर्तियां चोरी हो चुकी थीं। शिकायत के आधार पर थाना राजपुर में धारा 305 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, स्थानीय मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया तथा पुराने चोरी के मामलों में शामिल अपराधियों का सत्यापन किया। लगातार जांच के बाद 10 जुलाई 2026 को पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर भंडार गांव जंगल रोड के पास से तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में हुआ खुलासा

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे कबाड़ बीनने का काम करते हैं और इसी बहाने शहर के विभिन्न इलाकों में घूमकर बंद मकानों की रेकी करते थे। मौका मिलने पर वे ताला तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम देते और चोरी का सामान कुछ समय बाद बेच देते थे।

आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने मक्कावाला स्थित मकान से चोरी की गई पीतल की दोनों मूर्तियां आईएसबीटी क्षेत्र के एक कबाड़ी को बेच दी थीं। बिक्री से मिली रकम तीनों ने आपस में बांट ली। पुलिस के अनुसार, संबंधित कबाड़ी दुकान बंद कर फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है।

गिरफ्तार आरोपी

  • जगदीप सिंह (33 वर्ष), निवासी कावली रोड, शिवाजी मार्ग, थाना पटेल नगर, देहरादून।
  • साकेंद्र (26 वर्ष), मूल निवासी दरभंगा (बिहार), वर्तमान निवासी गांधी ग्राम, देहरादून।
  • मुखलिद (23 वर्ष), निवासी मेहुवाला, थाना बसंत विहार, देहरादून।

बरामदगी

  • ₹1,05,000 नकद
  • एक आला-ए-नकब (ताला तोड़ने का औजार)
  • ओप्पो कंपनी के तीन मोबाइल फोन

पुलिस टीम में उपनिरीक्षक प्रवीण सैनी (चौकी प्रभारी कुठाल गेट), कांस्टेबल अमित तथा कांस्टेबल मोहित शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *